बीवी को पीट रहा था हिस्ट्रीशीटर जावेद, पड़ोसी रचना ने रोका तो गोली मारी

प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के नरेला इलाके में पति-पत्नी के बीच झगड़ा रोकने का खामियाजा पड़ोस की 21 वर्षीय महिला रचना को भुगतना पड़ा। घटना शुक्रवार (सितंबर 13, 2019) की है। उत्तरी दिल्ली के नरेला के B2 ब्लॉक में जावेद अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा था। आवाज सुन कर पड़ोस की रचना ने बीच-बचाव की कोशिश की। इसी दौरान जावेद ने गोली चला दी जो रचना को लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। सर्जरी के बाद वो खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गोली की आवाज सुनकर, रचना के पति अमित और दूसरे पड़ोसी भी अपने घरों से बाहर आ गए और उस शख्स का पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। बाद में पता चला कि जावेद एक हिस्ट्रीशीटर था और वह अपनी पत्नी के साथ विवाद सुलझाने के लिए इलाके में आया था।

आउटर नॉर्थ के डीसीपी गौरव शर्मा ने बताया कि रचना ने जावेद और उसकी पत्नी पिंकी को उसके घर के बाहर बहस करते हुए सुना। मामले को जानने के लिए वो बालकनी में आई। फिर उसने जावेद और पिंकी को बुलाकर उन्हें शांत कराने और विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन उनलोगों ने रचना की बात को अनसुना कर दिया। तभी जावेद ने पिस्तौल निकाली और हवा में फायरिंग कर दी। गोली रचना को लग गई। रचना को लहू लुहान देख जावेद फरार हो गया।

पुलिस द्वारा की गई एक जाँच में पता चला कि पिंकी और जावेद के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते पिंकी अपने पिता के घर में रह रही थी। वहीं, जावेद को कुछ महीने पहले ही जेल से रिहा किया गया था, जिसके बाद उसने स्थानीय किराना दुकानों को ब्रेड की आपूर्ति शुरू की थी। शुक्रवार (सितंबर 13, 2019) को जावेद, पिंकी के घर पहुँचा और उसने उसके परिवार को पिंकी को वापस उसके साथ जाने देने के लिए कहा, लेकिन जब पिंकी के परिवार वालों ने इसके लिए मना कर दिया तो जावेद ने बहस करना शुरू कर दिया और गोली मारने की धमकी दी

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया