महिलाओं को नग्न कर परेड कराया, पीटा, खेत में ले जाकर किया गैंगरेप… वायरल हुआ मणिपुर का वीडियो, NCW से न्याय की माँग

मणिपुर में महिलाओं को नग्न कर घुमाया (प्रतीकात्मक तस्वीर, साभार: इंडियन एक्सप्रेस)

मणिपुर राज्य को हाल ही में हिंसा और दंगों का सामना करना पड़ा, जिसे शांत करने के लिए भारतीय सेना को हस्तक्षेप करना पड़ा। अब एक खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें 2 महिलाओं को नग्न कर के उनका परेड कराया गया है। महिलाओं के साथ काफी लोग सड़क पर चलते दिख रहे हैं। खबरों में बताया जा रहा है कि इस महिलाओं का गैंगरेप भी हुआ है। एक जनजातीय संगठन ने ये आरोप लगाया गई। बताया जा रहा है कि ये घटना कांगपोकपी जिले की है।

हालाँकि, मीडिया खबरों की मानें तो ये वीडियो अभी भले ही सामने आया हो लेकिन ये 4 मई, 2023 का है, अर्थात ढाई महीने पहले का। ये घटना राज्य की राजधानी इम्फाल से 35 किलोमीटर की दूरी पर हुई है। ‘इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (ITLF)’ ने ये जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले मैतेई और कुकी समुदाय के बीच भारी संघर्ष हुआ था और हिंसा हुई थी। कुकी संगठन ILTF का कहना है कि ये दोनों पीड़िताएँ कुकी समाज से थी।

हालाँकि, कई लोग इसे हाल का वीडियो बता कर पेश कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि मणिपुर में हालत अब भी वैसे हैं। संगठन ने दावा किया है कि मैतेई समुदाय की भीड़ ने 2 कुकी महिलाओं को नंगा कर के सड़क पर उनका खुलेआम परेड करवाया और इसके बाद धान के खेत में ले जाकर उनका गैंगरेप किया। बता दें कि वीडियो में महिला को रोते-चिल्लाते हुए देखा जा सकता है और वो मदद माँग रही होती है।

अब इस मामले में ‘राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW)’ से कार्रवाई करने की माँग की जा रही है। त्रिपुरा की राजनीतिक पार्टी TMP के मुखिया प्रद्योत बिक्रम ने कहा कि दो समुदायों के बीच काफी घृणा बढ़ गई है और महिलाओं का इस तरह से वीडियो सामने आना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में आखिरकार घृणा की जीत हो गई है। घटना बी फैनोम गाँव की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि लोगों के सामने ही इन महिलाओं को पीटा भी गया।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया