Wednesday, October 16, 2024

झारखंड में 2 चरणों में मतदान, रिजल्ट 23 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र में 20 नवंबर 2024 को मतदान होगा और 23 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएँगे। महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर 2024 निर्धारित की गई है। राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 145 सीटों की जरूरत होगी।

वहीं, झारखंड में दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण का मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण का 20 नवंबर को होगा। झारखंड के भी चुनावी नतीजे 23 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ घोषित किए जाएँगे। झारखंड की विधानसभा में कुल 81 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 42 सीटों की आवश्यकता होगी।

इसके अलावा चुनाव आयोग ने 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनावों की भी घोषणा की है। 13 नवंबर को 47 विधानसभा सीटों पर और 20 नवंबर को 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। लोकसभा उपचुनावों में केरल की वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़ सीटें शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होंगे, जिनमें मैनपुरी की करहल, कानपुर की सीसामऊ, प्रयागराज की फूलपुर जैसी सीटें शामिल हैं। हालाँकि इसमें अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट का नाम नहीं है।