‘मेरी गाड़ी पर 4 राउंड फायर कर हथियार छोड़ भागे 3-4 लोग’: UP चुनाव के बीच ओवैसी का दावा

हैदराबाद से सांसद और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी (फोटो साभार: Economic Times)

उत्तर प्रदेश चुनावों (Uttar Pradesh Assembly election 2022) के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asadudin Owaisi) पर फायरिंग हुई है। ओवैसी यूपी के मेरठ से अपना कार्यक्रम खत्म कर दिल्ली लौट रहे थे, उसी दौरान यह घटना हुई। ओवैसी ने ट्वीट कर फायरिंग का दावा किया है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है।

अपने ट्वीट में ओवैसी ने लिखा, “कुछ देर पहले छिजारसी टोल गेट पर मेरी गाड़ी पर गोलियाँ चलाई गयीं। 4 राउंड फ़ायर हुए। 3-4 लोग थे, सब के सब भाग गए और हथियार वहीं छोड़ गए। मेरी गाड़ी पंक्चर हो गयी, लेकिन मैं दूसरी गाड़ी में बैठ कर वहाँ से निकल गया। हम सब महफ़ूज़ हैं। अलहमदु’लिलाह।”

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुँच गए। मेरठ रेंज के आईजी का कहना है कि पिलखुवा प्लाजा पर गोली चलने की बात कही जा रही है। इस रूट से ओवैसी का काफिला जा रहा था और कुछ लोगों के बीच आपस में बहस हुई थी। बस इस बात की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी देखकर घटना को सत्यापित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी जाँच के बाद ही पता चलेगा कि गोली चली है या नहीं। उधर, टोल के कर्मचारियों का कहना है कि कोई गोली नहीं चली है। 

असदुद्दीन ओवैसी मेरठ के शहर विधानसभा के गोला कुआँ, अहमदनगर और इस्लामाबाद के इलाकों में डोर-टू-डोर कैंपेनिंग करने गए थे। यहाँ प्रचार करने के बाद वह किठौर के लिए निकल गए थे। इससे पहले मेरठ के हस्तिनापुर में भी उन्होंने प्रचार किया था।

बता दें कि ओवैसी की पार्टी AIMIM यूपी में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है और अपने प्रत्याशियों के प्रचार की जिम्मेदारी उन्होंने खुद थाम रखी है। उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में होने वाला मतदान 10 फरवरी से शुरू होकर 4 मार्च तक चलेगा और 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया