AAP कर रही थी केजरीवाल के 4.5 किलो सूखने का दावा, तिहाड़ जेल प्रशासन ने नकारा: कहा- 65 किलो के आए थे, 65 किलो के ही हैं

अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर दावों को तिहाड़ जेल प्रशासन ने बताया फर्जी (फोटो साभार : जागरण)

आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने दावा किया था कि 12 दिनों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का वजन तेजी से कम हो रहा है। आतिशी ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल का वजन 4.5 किलो कम हो गया है। ऐसा शुगर की वजह से हुआ है। हालाँकि अब तिहाड़ जेल प्रशासन की तरफ से जानकारी सामने आई है कि आतिशी या आम आदमी पार्टी की तरफ से किए जा रहे दावे फर्जी है। तिहाड़ प्रशासन ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल को जब जेल लाया गया था, तब उनका वजन 65 किलो था और अब भी उनका वजन 65 किलो ही है।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल को 1 अप्रैल 2024 को तिहाड़ जेल लाया गया था। यहाँ उनकी दो डॉक्टरों ने जाँच की थी। उनके सभी अंग पूरी तरह से ठीक हैं। उनका वजन भी 65 किलो बना हुआ है। जब से वो जेल में आए हैं, तब से अब तक उन्हें घर का बना खाना मिल रहा है। चूँकि कोर्ट का ऑर्डर है, इसलिए घर का खाना खाने की परमिशन उन्हें दी गई है। उन्हें शरीर के सभी मापदंड पूरी तरह से सामान्य हैं।

इससे पहले, दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अरविंद केजरीवाल की सेहत को लेकर बड़े दावे किए थे। उन्होंने कहा, “ईडी जब अरविंद केजरीवाल को अपनी हिरासत में ले गई थी, जब अरविंद केजरीवाल का वजन 69.5 किलो था। आज उनका वजन 65 किलो है। उनका वजन 12 दिनों में 4.5 किलो कम हो गया है।”

आप के एक्स हैंडल पर आतिशी का वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें आतिशी कह रही हैं, “दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुगर के गंभीर मरीज हैं। डायबिटीज ऐसी बीमारी है, जो बढ़ती है, तो कई अन्य दिक्कतें पैदा होती हैं। शुगर का असर इंसान के दिल, किडनी, आँखों और पूरे नर्वस सिस्टम पर पड़ता है। गंभीर शुगर का बड़ा खतरा है शुगर लेवल का तेजी से नीचे गिरना। 50 से नीचे गिरने से जान का खतरा हो सकता है। लेकिन इसके बावजूद भी, आज तक अरविंद केजरीवाल जी ने अपने स्वास्थ्य को देश सेवा में अड़चन नहीं बनने दिया, चाहे कई बार अनशन पर बैठना हो, चाहे सुबह से लेकर देर रात तक काम करना हो।”

जेल प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी में आतिशी के दावे फर्जी साबित हुए हैं। जेल प्रशासन ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल जब तिहाड़ जेल पहुँचे थे तब उनका वजन लगभग 65 किलो था और अभी भी उनका वजन 65 किलो ही है। जेल में अरविंद केजरीवाल का स्वास्थ्य फिलहाल ठीक है, शुगर नॉर्मल है शुगर लेवल रैंडम 170 है।1 घंटे पहले दोबारा शुगर चेक किया गया जो 140 है, यानी नॉर्मल है। वहीं उनका BP लेवल 116/80 है। उन्होंने आज भी सुबह उठ कर योगा किया और ध्यान लगाया। उन्होंने अपनी बैरक में वॉक भी किया।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया