तेज प्रताप, अनंत सिंह, श्रेयसी, पुष्पम प्रिया.. जानें सुर्खियों में रहने वाले कुछ ‘नामी’ चेहरों के क्या हैं सुबह से अब तक के रुझान

बिहार चुनाव नतीजों में कुछ नामी चेहरों के रुझान

बिहार विधानसभा की 243 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना जारी है। चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार राज्य में एक बार फिर राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन सरकार बनाती हुई दिखाई दे रही है।

ऊपरी तौर पर देखें तो अभी तक आँकड़ों में एनडीए बढ़त बनाए हुए है, वहीं महागठबंधन भी उन्हें लगातार टक्कर दे रही है। ऐसे में, बिहार के कुछ ऐसे नेता हैं, जिनकी लोकप्रियता सकारात्मक और नकारात्मक, या अन्य कारणों से व्यक्तिगत तौर पर उन निर्वाचन क्षेत्रों से ज्यादा मायने रखती है। अभी तक के रुझानों में इन नेताओं की स्थिति क्या है। आइए इस पर एक सरसरी निगाह डाल लें।

1. तेज प्रताप यादव

लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) के कारण इन चुनावों में समस्तीपुर जिले की हसनपुरा सीट पर लगातार सबकी नजर बनी हुई है। ताजा आँकड़े बताते हैं कि इस सीट पर तेज प्रताप फिलहाल जदयू नेता राज कुमार राय से आगे चल रहे हैं लेकिन जदयू उन्हें लगातार कड़ी टक्कर दे रही है और आँकड़े आगे-पीछे हो रहे हैं। तेज प्रताप ने पिछली बार वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने समस्तीपुर जिले का रुख किया है।

2. तेजस्वी यादव

राघोपुर विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरे तेजस्वी यादव अभी तक चुनाव में बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को पछाड़ते हुए सुबह से यहाँ अपनी बढ़त बनाई हुई है। यहाँ भाजपा के सतीश कुमार राजद नेता तेजस्वी यादव से पीछे चल रहे हैं।

3. पप्पू यादव

20 साल बाद मधेपुरा विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरे पप्पू यादव पर सबकी नजर टिकी हुई है। लेकिन वर्तमान आँकड़े इस बाहुबली नेता के पाले में जाते नहीं नजर आ रहे। मधेपुरा से फिलहाल जदयू के निखिल मंडल बहुत आगे चल रहे हैं। इसके बाद राजद के चंद्रशेखर हैं और फिर तीसरे नंबर पर जाकर पप्पू यादव को जगह मिलती दिख रही है। 

4. अनंत सिंह

विवादित बयानों के कारण चर्चा में आने वाले बाहुबली नेता अनंत सिंह, जिन्हें कि ‘मगहिया डॉन‘ भी कहा जाता है, इस बार राजद की ओर से मैदान में हैं। अभी तक के रुझान बताते हैं कि मोकामा विधानसभा सीट पर अनंत सिंह आगे चल रहे हैं। उनके खिलाफ़ जदयू ने राजीव लोचन को मैदान में उतारा था, लेकिन अनंत सिंह के मुकाबले वह पीछे हैं।

5. श्रेयसी सिंह

जमुई से पहली बार भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने वाली श्रेयसी लगातार अपने प्रतिद्वंदियों के सामने बढ़त बनाए हुए हैं। राजद के मौजूदा विधायक भी इस समय उनसे पीछे हैं।

6. पुष्पम प्रिया चौधरी

इन चुनावों में ‘द प्लूरल्स पार्टी’ की प्रमुख पुष्पम प्रिया दो सीटों पर अपनी किस्मत आजमाने मैदान में उतरी थी। एक पटना की बांकीपुर सीट और दूसरी मधुबनी की बिस्फी सीट। पुष्पम प्रिया चौधरी इन दोनों सीटों से पीछे हैं। ECI की वेबसाइट के अनुसार, बिस्फी सीट से पुष्पम प्रिया को अब तक मात्र 246 वोट ही मिले हैं जबकि बांकीपुर सीट से 502 वोट पड़े हैं। पुष्पम प्रिया ने मार्च 2020 में अपनी पार्टी एलान किया और खुद को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया। 

7. शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर ‘द प्लूरल्स पार्टी’ की पुष्पम प्रिया के सामने कॉन्ग्रेस से शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा भी मैदान में हैं। हालाँकि ये बात और है कि इन दोनों ही नामी चेहरों को पछाड़ते हुए बीजेपी से तीन बार विधायक नितिन नवीन बहुत देर से आगे चल रहे हैं।

8. जीवेश कुमार

जाले विधानसभा में कॉन्ग्रेस ने जिन्ना समर्थक मशकूर अहमद उस्मानी को उतार कर भाजपा के जीबेश कुमार का काम और भी आसान कर दिया है। इस क्षेत्र में काउंटिंग शुरू होने के साथ ही जीवेश कुमार अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, कॉन्ग्रेस उम्मीदवार उनसे बहुत पीछे हैं।

9. जीतनराम मांझी

इमामगंज सीट से चुनाव लड़ने उतरे जीतनराम मांझी ने शुरुआती रुझानों में इस क्षेत्र में अपनी बढ़त बनाई हुई थी। मगर जैसे जैसे आँकड़ों की गिनती बढ़ रही है मांझी पिछड़ते नजर आ रहे हैं। उनके ख़िलाफ़ इस बार राजद के उदय नारायण मैदान में हैं। वह खुद इस सीट पर मौजूदा विधायक हैं।

10. चंद्रिका रॉय

तेजप्रताप यादव के ससुर व जदयू नेता चंद्रिका राय फिलहाल परसा सीट से पीछे चल रहे हैं। राजद के छोटे लाल लगातार उनके ख़िलाफ़ बढ़त बनाकर इस सीट पर पहले पायदान पर हैं।

11. शालिनी मिश्रा

केसरिया विधानसभा में जदयू नेता शालिनी मिश्रा एक प्रमुख चेहरा थी। लेकिन फिलहाल आरजेडी के संतोष कुशवाहा के सामने वह पीछे चल रही हैं।

12. चिराग पासवान

नीतीश कुमार की पार्टी का विरोध करके लोजपा को इस बार मैदान में अकेले उतारने वाले चिराग पासवान शायद नतीजों को देख कर थोड़ा परेशान हों। उन्होंने बड़े बड़े दावे करके अलग चुनाव लड़ने का मन बनाया था। लेकिन अभी तक लोजपा को कुछ 5-4 सीटे मिलती दिख रही हैं। जबकि, एनडीए के पाले में 125 सीटें तक नजर आ रही हैं।

13. राजद के वरिष्ठ नेता जगदानंद के बेटे सुधाकर सिंह

रामगढ़ विधानसभा सीट पर बसपा के अंबिका सिंह ने अभी तक 10 हजार के करीब वोट पाकर अपनी बढ़त बरकरार रखी है। वहीं दूसरे नंबर पर भाजपा नेता अशोक कुमार सिंह हैं और तीसरे में जाकर कहीं राजद नेता सुधाकर सिंह हैं।

बिहार चुनावों में इन प्रमुख चेहरों के अलावा कुछ महत्तवपूर्ण सीटें भी हैं जहाँ चेहरे भले ही सुर्खियों में रहने वाले नाम नहीं हैं, लेकिन इनसे तय जरूर होगा कि मतगणना खत्म होते होते नतीजे किस पार्टी के पक्ष में जाएँगे। आइए जानें इन सीटों से कौन आगे चल रहा है।

1. लखीसराय: जिले की महज 2 सीटों पर इस बार चुनाव में 37 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। हालाँकि मतगणना के रुझानों को देखें तो जिले की सूर्यगढ़ा सीट पर राजद के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं और लखीसराय विधासभा में भाजपा के विजय कुमार सिन्हा कॉन्ग्रेस के अमरेश कुमार को पीछे किए हुए हैं।।

2. सिमरी बख्तियारपुर में बख्तियारपुर विधानसभा सीट पर, वीआईपी के मुकेश सहनी बढ़त बनाए हुए हैं, आरजेडी के युसूफ सलाहुद्दीन पीछे चल रहे हैं।

3. केवटी: इस सीट पर अभी मुरारी मोहन झा आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर आजेडी के अब्दुल बारी सिद्दकी हैं।

4. सुरसंड: इस सीट पर राजद उम्मीदवार सैयर अबू दुजाना अभी तक जीतते नजर आ रहे हैं। वहीं जदयू के दिलीप राय उनसे पीछे हैं।

5. ढाका: मुस्लिम बहुत इलाके ढाका में भाजपा को अभी तक बोल बोला है। यहाँ बीजेपी के पवन कुमार जायसवाल बढ़त बनाए हुए है, आरजेडी के फैसल रहमान पीछे हैं।

6. किशनगंज: भाजपा की स्वीटी सिंह ने कॉन्ग्रेस के अजहरुल हुसैन को पीछे करके अपनी बढ़त अभी तक यहाँ पर बनाई हुई है।

7. मोतिहारी: रुझानों में इस सीट पर आरजेडी के ओम प्रकाश चौधरी की बढ़त बनी हुई है। वहीं आरएलएसपी के दीपक कुशवाहा यहाँ से पीछे चल रहे हैं।

8. जहानाबाद: इस सीट पर आरजेडी के कुमार कृष्ण कुमार यादव उर्फ़ सुदय आगे व जेडीयू के कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा पीछे चल रहे हैं।

9. बक्सर: भाजपा के परशुराम चौबे इस सीट पर कॉन्ग्रेस के संजय कुमार तिवारी को पछाड़ कर आगे बने हुए हैं।

10. दरभंगा: मतदान गिनती के साथ साथ भाजपा के संजय सरावगी ने इस सीट पर अपनी बढ़त बनाई हुई है। आरजेडी के अमर नाथ गामी यहाँ से पीछे चल रहे हैं।

11. झाझा: इस सीट पर जेडीयू के दामोदर रावत बढ़त बनाए हुए हैं जबकि, आरजेडी के राजेंद्र प्रसाद अभी तक पीछे चल रहे हैं।

12. मनेर: मनेर सीट पर आरजेडी के वीरेन्द्र का कब्जा होता दिख रहा है और भाजपा प्रत्याशी निखिल आनंद पीछे हैं।

13. तरारी: इस सीट पर अभी तक भाकपा (माले) के सुदामा प्रसाद बढ़त बनाए हुए है, तो वहीं, बीजेपी के कौशल कुमार विद्यार्थी पीछे चल रही हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया