26-0: पश्चिम बंगाल निकाय चुनावों में BJP ने किया क्लीन स्वीप, TMC को लगा बड़ा झटका

बंगाल निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में हुए निकाय चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा का बढ़ा हुआ जनाधार न सिर्फ़ लोकसभा चुनाव, बल्कि स्थानीय निकाय चुनावों में भी दिखने लगा है। ये इस बात की पुष्टि करता है कि ज़मीन पर भी भाजपा की लहर है, और यह केवल लोकसभा चुनाव तक ही सीमित नहीं है। बंगाल के भाटपारा नगरपालिका के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने सभी 26 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज की है। इस चुनाव के परिणाम आने के साथ ही भाटपारा नगरपालिका पर भाजपा का कब्ज़ा हो गया है। भाजपा नेता सौरभ सिंह को भाटपारा नगरपालिका का चेयरमैन बनाया गया है।

https://twitter.com/TajinderBagga/status/1135859394288087040?ref_src=twsrc%5Etfw

अभी हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 42 में से 18 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज करते हुए तृणमूल के गढ़ में काफ़ी मजबूती से दस्तक दी है। भाजपा ने सभी उम्मीदों को पार करते हुए 40% से भी अधिक वोट शेयर हासिल किया, जो अपने आप में बहुत बड़ी बात है। बंगाल में लगातार 30 सालों से भी अधिक समय तक शासन करने वाले वामदलों की हालत पतली हो गई है और वो अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।

भाजपा की लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हुए सभी कार्यक्रमों में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने बंगाल का जिक्र कर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सीधी चुनौती दी थी। भाटपारा में मिली जीत के बाद “जय श्री राम” को लेकर भाजपा की चल रही लड़ाई और मजबूत होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ममता को कई जगह “जय श्री राम” का नारा लगाती आमजनों की भीड़ का सामना करना पड़ रहा है और चिल्लाती हुई तृणमूल सुप्रीमो के विडियो सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हो रहे हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया