बृजभूषण शरण सिंह का टिकट BJP ने काटा, कैसरगंज से बेटे करण भूषण लड़ेगे: रायबरेली के मैदान में दिनेश प्रताप सिंह को उतारा

दिनेश प्रताप सिंह (बाएँ) और बृज भूषण शरण सिंह (दाएँ) (चित्र साभार; Bhaskar & Tribune India)

भाजपा ने उत्तर प्रदेश की कैसरगंज और रायबरेली सीटों से अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। कैसरगंज से वर्तमान सांसद बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया गया। उनकी जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया गया। रायबरेली से उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया गया है। दोनों सीटों पर नामांकन की अंतिम तारीख शुक्रवार (3 मई, 2024) को है।

भाजपा ने गुरुवार (2 मई, 2024) को तमाम अटकलों पर लगाम लगाते हुए प्रत्याशियों के नामों की 17वीं सूची जारी की। इसमें केवल उत्तर प्रदेश की ही दोनों बहुप्रतीक्षित सीटों के उम्मीदवार बताए गए। इन सीटों पर अभी विपक्ष ने भी उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।

कैसरगंज से वर्तमान सांसद बृजभूषण शरण सिंह की जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया गया जो कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। वह बृजभूषण शरण सिंह के छोटे बेटे हैं। उनके बड़े भाई प्रतीक भूषण सिंह गोंडा से विधायक हैं। करण भूषण सिंह के टिकट के कयास पहले से लगाए जा रहे थे। बृजभूषण शरण सिंह पहलवानों से विवाद के चलते चर्चाओं में थे, उसी की वजह से भाजपा ने उनका टिकट काटा है।

करण भूषण के टिकट की सुगबुगाहट शुक्रवार सुबह से ही हो गई थी। उनका अपने पिता का आशीर्वाद लेते हुए एक वीडियो भी सामने आया था। करण भूषण सिंह शुक्रवार (3 मई, 2024) को अपना नामांकन समर्थकों के साथ गोंडा कलेक्ट्रेट में दाखिल करेंगे। इससे पहले उनके भाई प्रतीक के चुनाव लड़ने की संभावनाएँ जताई जा रही थीं।

उधर हाई प्रोफाइल सीट रायबरेली से भाजपा ने अपने पुराने सिपाही और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पर भरोसा दिखाया है। दिनेश प्रताप सिंह इस इलाके के बड़े नेता माने जाते हैं। वह 2019 में भी रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लडे थे लेकिन कॉन्ग्रेस नेता सोनिया गाँधी से हार गए थे।

रायबरेली सीट वर्तमान में खाली है और इस पर इस बार गाँधी परिवार का कोई सदस्य नहीं लड़ रहा है। सोनिया गाँधी कुछ समय पहले ही यहाँ की सदस्यता से त्यागपत्र देकर राजस्थान से राज्यसभा जा चुकी हैं। अभी तक इस सीट से प्रियंका गाँधी के चुनाव लड़ने के चर्चे बने हुए हैं। हालाँकि, अभी तक कॉन्ग्रेस ने इस सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया