BJP ने जारी की लोकसभा प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट, संबित पात्रा पुरी से लड़ेंगे चुनाव

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा पुरी से लड़ेंगे चुनाव (फाइल फोटो)

लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बीजेपी ने देर रात अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट के जरिए आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा की सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की चौथी बैठक के बाद इन 36 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगी।

https://twitter.com/ANI/status/1109181186692341761?ref_src=twsrc%5Etfw

इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम भाजपा के तेज़ तर्रार राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा का है, जो ओडिशा की धार्मिक नगरी पुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले पुरी की सीट से इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लड़ने की खूब चर्चा थी, मगर इस लिस्ट के जरिए बीजेपी ने इन अटकलों पर भी विराम लगा दिया। इसके साथ ही दूसरी लिस्ट में गिरीश बापट का नाम भी शामिल है, जो महाराष्ट्र की पुणे लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जारी की गई 36 उम्मीदवारों की लिस्ट में 23 उम्मीदवार आंध्र प्रदेश के हैं, जहाँ पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होगा। महाराष्ट्र से 6 और ओडिशा के 5 उम्मीदवारों के नाम है। इसके अलावा असम और मेघालय से भी एक-एक नाम शामिल है।

गौरतलब है कि बीजेपी ने गुरुवार (21 मार्च 2019) को 184 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। जिसमें प्रमुख उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई। इस लिस्ट के मुताबिक पीएम मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के स्थान पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गांधीनगर से मैदान में उतरेंगे। गृह मंत्री राजनाथ सिंह अपनी पुरानी सीट लखनऊ से ही लड़ेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर से प्रत्याशी होंगे। वहीं स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव लड़ेंगी।

https://twitter.com/ANI/status/1109185934959038464?ref_src=twsrc%5Etfw

बता दें कि बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के अलावा तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए भी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 51 उम्मीदवारों, ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों और मेघालय के सेलसेला विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए एक उम्मीदवार की लिस्ट जारी की है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया