हाथों में पूजा की थाल लिए मुस्लिम महिलाओं ने उतारी भाजपा अध्यक्ष JP नड्डा की आरती, नारियल भेंट किया: यूपी में कर रहे थे चुनाव प्रचार

शिकोहाबाद में मुस्लिम महिलाओं ने किया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत (फोटो साभार: News18)

उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान एक रोचक नजारा तब देखने को मिला, जब मुस्लिम महिलाओं ने आकर उन्हें रोक लिया। ‘डोर टू डोर’ कैम्पेन के दौरान मिली इन महिलाओं ने न सिर्फ जेपी नड्डा का स्वागत किया, बल्कि उनकी आरती भी उतारी। उन महिलाओं ने अपने हाथ में पूजा की थाल ले रखी थी। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष को तिलक लगाया और साथ ही नारियल का फल भी भेंट किया।

इस स्वागत से अभिभूत नजर आए जेपी नड्डा ने हाथ जोड़ कर उन मुस्लिम महिलाओं को धन्यवाद दिया। वो काफी खुश भी नजर आए। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय संसदीय मामलों और संस्कृति विभाग के राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद थे। जब मुस्लिम महिलाएँ जेपी नड्डा की आरती उतार रही थीं, तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी ताली बजा कर उनका अभिवादन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए ज़िंदाबाद के नारे भी लगे।

बता दें कि तीन तलाक खत्म किए जाने के बाद मुस्लिम महिलाओं को खासी राहत मिली है। उनके लिए कई योजनाएँ भी चलाई जा रही हैं। जेपी नड्डा ने वहाँ मौजूद लोगों से निवेदन किया कि वो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए मतदान करें। शिकोहाबाद में जगह-जगह उन पर फूल बरसाए गए। उन्होंने अपराधियों को सपा द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के आधे उम्मीदवार जेल पर लड़ रहे हैं और आधे बेल पर लड़ रहे हैं।

बता दें कि इस इलाके को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है। यहीं से जेपी नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जेल से परचा भर रहे उनके उम्मीदवारों से वो पुरानी दोस्ती निभा रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने हाथरस के आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन में मतदाताओं के साथ संवाद किया और फिर संगठन की चुनाव की तैयारी का जायजा लिया। यूपी चुनाव की मतगणना 10 मार्च, 2022 को होगी।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया