‘सच बोलने वाला बन जाता है आपका दुश्मन’: नवजोत सिद्धू का ‘धमकी’ को लेकर CM अमरिंदर सिंह पर वार

नवजोत सिंह सिद्धू (दाएँ) ने कैप्टन अमरिंदर सिंह (बाएँ) पर साधा निशाना

कॉन्ग्रेस की पंजाब इकाई में गुटबाजी बढ़ने की अटकलों के बीच राज्य के पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर फिर से निशाना साधते हुए मंगलवार (मई 18, 2021) को आरोप लगाया कि पार्टी में उनके साथियों को सच बोलने को लेकर धमकाया जा रहा है। 

सिद्धू का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कॉन्ग्रेस विधायक और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान परगट सिंह ने हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के राजनीतिक सलाहकार संदीप संधू पर धमकाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी की घटना पर राज्य सरकार से सवाल करने के बाद उन्हें धमकी दी गई।

अमरिंदर और सिद्धू ने धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी की जाँच को लेकर सार्वजनिक रूप से एक दूसरे पर निशाना साधा है। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने पिछले महीने पंजाब पुलिस के विशेष जाँच दल (SIT) द्वारा कोटकपूरा गोलीकांड को लेकर पेश की गई जाँच रिपोर्ट को रद्द कर दिया था। पुलिस ने धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी का कोटकपूरा में विरोध कर रहे लोगों पर 2015 में कथित रूप से गोलीबारी की थी। सिद्धू ने इस मामले में अमरिंदर सिंह पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया है।

https://twitter.com/sherryontopp/status/1394533210894131200?ref_src=twsrc%5Etfw

सिद्धू ने अपने ट्विटर हैंडल पर परगट सिंह के संवाददाता सम्मेलन का वीडियो अपलोड करते हुए ट्वीट किया, “लोगों के मुद्दे उठा रहे मंत्री, विधायक और सांसद पार्टी को मजबूत कर रहे हैं, अपने लोकतांत्रिक कर्तव्यों को पूरा कर रहे हैं और अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे हैं… लेकिन सच बोलने वाला हर व्यक्ति आपका दुश्मन बन जाता है। अपनी पार्टी सहयोगियों को धमकाकर आप अपनी डर और असुरक्षा को दर्शाते हैं।” 

हालाँकि, कॉन्ग्रेस ने मंगलवार को कहा कि राज्य में पार्टी के बीच कोई गुटबाजी नहीं है, बल्कि नेताओं के अलग-अलग विचार हैं। पंजाब से राज्यसभा सदस्यों प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दुलो ने भी मुख्यमंत्री की आलोचना की है और उनके कई फैसलों पर सवाल उठाए हैं।

गौरतलब है कि कॉन्ग्रेस विधायक परगट सिंह ने सोमवार (मई 17, 2021) को मीडिया को दिए एक बयान में खुलासा किया कि उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से धमकी भरा मैसेज देने के लिए कैप्टन संदीप संधू का फोन आया था। कॉल पर कैप्टन संधू ने कथित तौर पर कहा कि सीएम ने कहा है कि उन्होंने कॉन्ग्रेस विधायक परगट सिंह के खिलाफ सभी दस्तावेज एकत्र कर लिए हैं और उन्हें कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया