मृतक सुरेंद्र के बच्चों की जिम्मेदारी स्मृति ईरानी ने ली, अमेठी पहुँच कर अर्थी को दिया कंधा

स्मृति ईरानी ने मृतक सुरेंद्र सिंह की अर्थी को कंधा दिया

अमेठी में केंद्रीय मंत्री और वहाँ की सांसद स्मृति ईरानी के क़रीबी भाजपा नेता की हत्या के बाद इसमें राजनीतिक रंजिश की बात कही जा रही है। मृतक सुरेंद्र सिंह के परिवार ने कहा है कि उन सभी ने मिल कर ‘दीदी’ को जिताने के लिए प्रचार किया, इसी का बदला लिया गया। मृतक की पत्नी रुक्मणि देवी ने कहा है कि स्मृति ईरानी ने उनसे मिल कर उनके बच्चों का अपने बच्चों की तरह ख्याल रखने की बात कही है। रुक्मणि देवी ने कहा कि स्मृति ईरानी ने उनके बच्चों को सुरक्षा देने का भी आश्वासन दिया। स्मृति ईरानी ने अमेठी के बरौली गाँव के पूर्व प्रधान मृतक सुरेंद्र सिंह के शव को कंधा दिया और परिवार से मिल कर उन्हें ढाँढस बँधाया।

https://twitter.com/ANINewsUP/status/1132636660888424449?ref_src=twsrc%5Etfw

बता दें कि उत्तर प्रदेश के अमेठी से नवनिर्वाचित सांसद स्मृति ईरानी के करीबी माने जाने वाले भाजपा कार्यकर्ता और बरौलिया गाँव के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, शनिवार (मई 25, 2019) की रात सोते हुए सुरेंद्र सिंह पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली बरसा कर हत्या कर दी। गोली लगने से घायल सुरेंद्र सिंह को लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

https://twitter.com/smritiirani/status/1132631140974641152?ref_src=twsrc%5Etfw

अमेठी पहुँचीं स्मृति ने कहा कि सुरेंद्र 1977 से ही पार्टी के ज़मीनी कार्यकर्ता थे। अमेठी में पार्टी की जीत का जश्न मनाने के बाद उनकी हत्या को स्मृति ईरानी ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “पूरी भाजपा और पार्टी के सभी कार्यकर्ता सुरेंद्र के परिवार के साथ हैं। हम चाहते हैं कि परिवार को न्याय मिले। गोली चलाने और चलवाने वालों को मृत्यु दंड दिया जाना चाहिए। आवश्यकता पड़ी तो न्याय के लिए उच्चतम न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाएँगे। यह वारदात अमेठी को आतंकित करने के लिए अंजाम दी गई है।

https://twitter.com/sardanarohit/status/1132633154953523200?ref_src=twsrc%5Etfw

सुरेंद्र सिंह की हत्या की वजह राजनीतिक रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने पुरानी रंजिश के कारण उनके मारे जाने की भी आशंका जताई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने सीमाओं को सील कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अतिरिक्त सुरक्षा के लिए गाँव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया