राजस्थान के मंत्री का स्वागत कर रहे थे कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता, तभी इमरान ने जड़ दिया एक मुक्का: बाद में कहा – ये मेरे आशीर्वाद देने का तरीका

कॉन्ग्रेस के मंत्री भँवर सिंह भाटी (पीले घेरे में) को युवक ने मारा मुक्का (फाइल फोटो)

राजस्थान में एक अजोबोग़रीब वाकया हुआ, जब मंत्री और कॉन्ग्रेस नेता भँवर सिंह भाटी को एक युवक ने मुक्का जड़ दिया। ये घटना सीकर में हुई। वो बीकानेर जा रहे थे, जहाँ रास्ते में कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे थे। इसी दौरान उक्त युवक भीड़ में घुस गया और उसने मंत्री की पीठ पर मुक्का जड़ दिया, जिससे खुद मंत्री भी चौंक गए। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हालाँकि, उसका कहना है कि लोगों को आशीर्वाद देने का उसका यही तरीका है।

युवक महाराष्ट्र का रहने वाला है फ़िलहाल पुलिस का कहना है कि वो इस मामले की जाँच कर रहे हैं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फतेहपुर सीकरी थानाध्यक्ष उदय सिंह ने जानकारी दी है कि मंत्री भँवर सिंह भाटी जब सीकर के रास्ते होकर बीकानेर जा रहे थे, इसी दौरान बीच में सीकर में कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए मौजूद थे, जहाँ वो रुके। बता दें कि भँवर सिंह भाटी राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में ऊर्जा मंत्री हैं।

इसी दौरान महाराष्ट्र के औरंगाबाद का रहने वाला 30 साल का इमरान भीड़ में घुस गया। उस समय कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ता माला पहना कर भाटी का स्वागत कर रहे थे। इमरान ने मंत्री की पीठ पर एक मुक्का दे मारा। इससे पहले कि पुलिस उसे पकड़ती, वो वहाँ से भाग निकला। वहाँ उपस्थित सुरक्षा गार्ड्स युवक को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़े। वहीं मंत्री को ये कहते सुना गया कि वो पागल है, उसे जाने दो। हालाँकि, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटवी फुटेज से युवक की पहचान करने में सफलता पाई।

घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस ने उसे धर-दबोचा। पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई। पूछताछ में उसने पुलिस को अजोबोग़रीब कारण बताया कि वो मुक्का मार कर ही लोगों को आशीर्वाद देता है। उसने खुलासा किया कि वो इससे पहले भी ये हरकत कई बार कर चुका है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया