दूल्हे की हालत देख दुल्हन ने किया शादी से इंकार, लौटानी पड़ी दहेज की पूरी रकम

प्रतीकात्मक तस्वीर

बिहार में भले ही पूर्ण शराबबंदी हो गई है, लेकिन आज भी लोग शराब के सेवन से गुरेज नहीं कर रहे हैं। कुछ मौकों पर तो ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जहाँ बिहार पुलिस के हर वो दावे खोखले नज़र आते हैं, जिसमें वो प्रदेश में असरदार ढंग से कानून का पालन करवाने का दंभ भरती दिखाई देती है।

बिहार के छपरा जिले में एक दूल्हे की शराब की लत उस पर भारी पड़ गई। शराब पीने की वजह से दूल्हे और उसकी बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। मामला बिहार के तरैया थाने के डुमरी छपिया गाँव का है। यहाँ बबलू नाम के शख्स की शादी त्रिभुवन शाह की पुत्री रिंकी के साथ होने वाली थी, मगर दूल्हे को शराब के नशे में देख दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया।

दुल्हन के पिता त्रिभुवन शाह ने बताया कि दूल्हा जब बारात के साथ पहुँचा तो वह नशे में चूर था। उसने इतनी ज्यादा पी रखी थी कि उसे यह भी नहीं पता चल पा रहा था कि उसके आसपास क्या हो रहा है। जयमाला के दौरान वह स्टेज पर बदमतीजी भी कर रहा था। लड़के को ऐसी हालत में देखकर लड़की ने शादी से इंकार कर दिया।

शादी में शामिल लोगों के मुताबिक नशे में धुत्त दूल्हा ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था, किसी रस्म को भी ठीक से नहीं निभा पा रहा था। इतना ही नहीं वो वहाँ पर मौजूद लोगों के साथ बदसलूकी करने के साथ ही महिलाओं के लिए अपशब्द का भी प्रयोग कर रहा था। ये सब देखकर दुल्हन को गुस्सा आ गया और वो शादी से इंकार करते हुए वहाँ से चली गई। हालाँकि दोनों परिवार के लोगों ने रिंकी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन रिंकी नहीं मानी।

रिंकी की जिद के आगे दोनों परिवारों की एक नहीं चली। इसके बाद दूल्हे को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा, मगर गाँव वालों ने दूल्हे को तब तक वहाँ से वापस नहीं जाने दिया, जब तक कि उसने दहेज में ली गई पूरी रकम वापस नहीं कर दी।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया