COVID-19: 10,000 से ऊपर हुआ मौत का आँकड़ा, इटली में 3405, अंतिम संस्कार के लिए लगाई सेना

इटली में चीन से ज्यादा मौतें, अंतिम संस्कार के लिए सेना लगाई गई

चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस के संक्रमण से होने वाली मौतों में इटली कहीं आगे निकल चुका है। चीन के बाद इटली दूसरा सबसे बड़ा ऐसा शहर है जहाँ पर इस वायरस के कारण अब तक सर्वाधिक मौतें हो चुकी हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि इटली में मरने वालों का अंतिम संस्कार करने के लिए अब सेना को लगाया गया है।

https://twitter.com/QuickTake/status/1240909699236663297?ref_src=twsrc%5Etfw

विश्वभर में कोरोना के कारण मरने वालों की संख्या दस हजार को पार करते हुए 10,405 पहुँच चुकी है, जिनमें से 3400 अकेले इटली के हैं। यूरोप महाद्वीप में अब तक 4,932 और एशिया महाद्वीप में 3,431 मौतें हो चुकी हैं।

एक ओर जहाँ चीन में वायरस के कारण होने वाली मौतों में ठहराव देखा गया है, वहीं इस वायरस से बुरी तरह प्रभावित इटली मौतों के मामले में चीन से आगे निकल गया है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान इटली में 427 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस यूरोपीय देश में अब तक 3405 लोग अपनी जान गँवा चुके हैं। जबकि चीन में 3248 लोगों की जान गई है। वहीं इरान में मरने वालों की संख्या 1433 तक पहुँच चुकी है।

वहीं भारत में स्वास्थ्य मंत्रालय के आँकड़ों के मुताबिक अभी तक कुल 223 पॉजिटिव केस हैं। इनमें से 32 विदेशी नागरिक हैं। जबकि 23 लोगों के पूरी तरह से स्वस्थ होने की बात भी सरकार कह रही है। आज सबसे ज़्यादा मामले बढ़े हैं, एक ही दिन में 50 मामले सामने आए हैं। भारत में इस वायरस के कारण मरने वालों की संख्या पाँच हो चुकी है।

भारत में सबसे ज्यादा ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। ताजा आँकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में अभी तक 48 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 44 भारतीय और तीन विदेशी नागरिक शामिल हैं। वहीं, एक की जान भी चली गई। महाराष्ट्र के बाद केरल में 31 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से 26 भारतीय और दो विदेशी नागरिक हैं।

कोरोना के खतरे से निपटने के लिए कल ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए देशवासियों से 22 मार्च को जनता कर्फ्यू लगाने का आह्वान किया है। पीएम ने यह भी कहा है कि यह वैश्विक महामारी हो चुकी है। इससे पूरा विश्व परेशान है। उन्होंने देशविसयों से वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए साथ आने की अपील की है। साथ ही उन्होंने बुजुर्ग लोगों से घर से बाहर नहीं निकले की अपील की है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया