जेम्स बॉन्ड के डायरेक्टर पर 3 महिलाओं ने लगाए यौन शोषण और टॉर्चर के आरोप: इंस्टा पर महिला अधिकारों का समर्थन, बाहर ‘बहन-भतीजी’ से रेप

कैरी जोजी फुकुनागा (फाइल फोटो साभार: द रैप)

हॉलीवुड फिल्म जेम्स बॉन्ड के निर्देशक कैरी जोजी फुकुनागा यौन शोषण के आरोपों में घिर गए हैं। फुकुनागा पर तीन यंग लड़कियों ने उनका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 44 साल के फुकनागा ने एक एक्ट्रेस को इतना अधिक टॉर्चर किया कि वो पोस्ट ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) से पीड़ित हो गई।

दरअसल, इस ज्यादती का खुलासा उस वक्त हुआ, जब डायरेक्टर फुकुनागा ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक डॉक्यूमेंट शेयर कर महिलाओं के अधिकारों पर अपने समर्थन को दोहराया था। इसके साथ ही एक स्टोरी लिखकर चौंकाने वाला खुलासा किया कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ‘रो वी वेड’ फैसले को पलटने वाला है। ये वो फैसला था, जिसके गर्भपात को वैध करार दे दिया था।

23 साल की एक्ट्रेस का आऱोप

फुकुनागा पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली 23 साल की एक्ट्रेस और प्रोफेशनल स्केटबोर्डर रैचेल विनबर्ग ने कहा कि वो आरोपित से उस वक्त मिली थीं, जब 18 साल की उम्र पूरा होने के एक दिन उन्हें एक विज्ञापन में काम दिया गया। उस दौरान उन्होंने सहमति से सेक्स किया, जो कि 21 साल की उम्र, यानी तीन साल तक चला। विनबर्ग ने कैरी फुकुनागा पर लालच और गाली देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “तो उन्होंने इसे आज पोस्ट किया। ये मुझे **** करता है, क्योंकि उसे सचमुच में महिलाओं की बिल्कुल भी परवाह नहीं है। वो केवल उन्हें प्रताड़ित करता है। उससे डरकर मैंने कई साल बिताए। ये इंसान एक ग्रूमर है, जो सालों से ऐसा कर रहा है। महिलाएँ इससे बच के रहें।”

विनबर्ग ने आरोप लगाया कि कैरी उनके साथ अपने संबंधों को दुनिया से छुपा कर रखना चाहते थे और अगर कोई उन दोनों के रिश्ते को लेकर पूछे तो कैरी सभी के सामने उसे अपनी भतीजी, चचेरी बहन या बहन होने का नाटक करता था।

इसके अलावा कैरी फुकुनागा पर दो अन्य अभिनेत्रियों ने भी यौन शोषण का आरोप लगाया है। ये एक्ट्रेस जुड़वाँ थीं। इनके नाम हन्ना और केलिन लोश है। वे दोनों कैरी से साल 2018 में नेटफ्लिक्स के एक ड्रामा के सेट पर मिली थीं। उस वक्त उनकी उम्र 20 साल थी। कैरी ने उन दोनों का भी तीन साल तक यौन उत्पीड़न किया था। गौरतलब है कि ‘नो टाइम टू डाई’ जेम्स बॉन्ड सीरीज के डायरेक्टर के तौर पर कैरी फुकुनागा की अंतिम फिल्म थी।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया