मारे गए 100 पाकिस्तानी सैनिक, पूरे कैंप को बलूच विद्रोहियों ने किया नष्ट: दावा

बलूच विद्रोहियों ने 100 पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतारा

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने गुरुवार (3 फरवरी 2022) को दावा किया कि पाकिस्तानी सेना के दो मिलिट्री कैंपों पर हमला करके उन्होंने अब तक 100 पाकिस्तानी फौजियों को मौत के घाट उतार दिया है। बलूच विद्रोहियों के संगठन ने इस बात की जानकारी एक प्रेस रिलीज जारी करके दी। 3 फरवरी को जारी की गई रिलीज में उन्होंने ये भी बताया कि ये जो पाकिस्तान इस हमले को विफल करने की बातें मीडिया में बता रहा है वो बिलकुल झूठ हैं। हकीकत यही है कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों को मार दिया है और पंजगूर और नुश्की मिलिट्री के प्रमुख भागों को अपने कब्जे में लिया हुआ है।

अपने बयान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने कहा, “पंजगूर और नुश्की मिलिट्री कैंपों के प्रमुख भाग अब भी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी मजीद ब्रिगेड के कब्जे में हैं। बलूच फिदायिनों ने अब तक 100 से ज्यादा दुश्मनों (पाकिस्तान सैनिक) को मार दिया है। कैंप के बड़े भाग पूरी तरह नष्ट कर दिए गए। दुश्मनों से भिड़ने के लिए और सैनिकों को बुला लिया गया हैं।”

इस बयान में आगे कहा गया, “फिदायीन हमलावरों द्वारा कामयाब हमलों के बाद यहाँ मीडिया की रिपोर्टिंग को प्रतिबंध कर दिया गया है। इसके अलावा सभी टेलीकम्यूनिकेशन नेटवर्क डिस्कनेक्ट कर दिए गए हैं। पाकिस्तानी मिलिट्री की ISPR (Inter-Services Public Relations) कह रही है कि उनकी ओर से आज के हमले का जवाब दिया गया, लेकिन ये झूठ है और बलूच लिबरेशन आर्मी का ऑपरेशन अब भी जोरों-शोरों से चल रहा है।”

गौरतलब है कि एक ओर बलूच लिबरेशन आर्मी ने 100 पाकिस्तानी फौजियों को मौत के घाट उतारने का चौंकाने वाला दावा किया हैं और दूसरी ओर पाकिस्तान दावे कर रहा है कि उन्होंने बलूच विद्रोहियों के हमले को विफल कर दिया है। पाकिस्तानी सेना के बयान के अनुसार उनकी जवाबी कार्रवाई में विद्रोहियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने बताया कि पंजगुर इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा बलों के कैंप में घुसने का प्रयास किया था। लेकिन उनकी सही समय पर की गई कार्रवाई से सारे मंसूबे विफल हो गए। इससे पहले पाकिस्तान ने बलूच विद्रोहियों से हुई भिड़ंत में चार बलूच विद्रोहियों को मारने और 1 फौजी के मरने का दावा किया था।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया