जुमे की नमाज पढ़ रहे थे लोग, ढह गई मस्जिद, 7 की मौत: नाइजीरिया में कई घायल

नाइजीरिया के कोडुना की केंद्रीय मस्जिद (साभार: सोशल मीडिया)

अफ्रीकी देश नाइजीरिया में नमाज पढ़ने के दौरान मस्जिद की छत गिरने से 7 नमाजियों की मौत हो गई है। जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय मस्जिद में सैकड़ों लोग नमाज के लिए इकट्ठा हुए थे। दर्जनों लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ज़ारिया अमीरात काउंसिल के प्रवक्ता अब्दुल्लाही क्वारबाई ने बताया कि देश के उत्तरी राज्य कडुना के ज़ारिया शहर में जुमे के दिन 11 अगस्त 2023 को सैकड़ों नमाजी दोपहर की नमाज के लिए जुटे थे। इसी दौरान शहर के केंद्रीय मस्जिद का एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।

अब्दुल्लाही ने कहा, “शुरुआत में चार शव मिले थे। जब बचाव दल ढही मस्जिद की तलाशी लेने लगा तो तीन अन्य शव मिले।” राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने 23 लोगों को अस्पताल भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि इस मस्जिद का निर्माण 1830 के दशक में किया गया था। कडुना राज्य के गवर्नर उबा सानी ने घटना की जाँच के आदेश दिए हैं।

घटनास्थल पर रिकॉर्ड किए गए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मस्जिद की छत का एक बड़ा गिर गया। बताते चलें कि पिछले वर्ष पश्चिम अफ्रीकी इस देश में एक दर्जन से अधिक इमारतें गिरी थीं। कहा जाता है कि इमारतों के गिरने की वजह घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल और रख-रखाव में लापरवाही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया