अमेरिका के ड्रयू हिक्स को PM मोदी से मिला क्रिएटर्स अवार्ड: धाराप्रवाह भोजपुरी-हिंदी बोलकर जीत रहे भारतीयों का दिल, खुद को बताते हैं दिल से बिहारी

पीएम से पुरष्कार लेते ड्रयू हिक्स (चित्र साभार: Narendra Modi/YT)

आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड का वितरण किया। यह आयोजन दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया था। यहाँ अलग अलग श्रेणियों में कंटेंट बनाने वाले 20 क्रिएटर्स को सम्मानित किया। इन्हीं में से एक ड्रयू हिक्स को भी सम्मानित किया गया। अब हिंदी और भोजपुरी में वीडियो बनाने वाले ड्रयू हिक्स की चारों तरफ चर्चा हो रही है।

हिक्स को रचनात्मकता वाले वीडियो बनाने के लिए पुरष्कार मिला। ड्रयू हिक्स ने पुरष्कार मिलने के बाद कहा कि वह भारत का नाम रोशन करना चाहते हैं। हिक्स ने इस दौरान कहा कि वह इतना नर्वस महसूस कर रहे थे कि वह सब भाषाएँ बोल देंगे। इस दौरान हिक्स ने अपनी कहानी भी बताई और पुरष्कार के लिए धन्यवाद किया।

ड्रयू हिक्स एक अंग्रेजी बोलने वाले अमेरिकी हैं जो कि हिंदी और भोजपुरी में वीडियो बनाते हैं।

हिक्स के इन्स्टाग्राम पर लगभग 9 लाख फॉलोवर हैं। उनके लोगों को हंसाने वाले वीडियो काफी वायरल होते हैं। हिक्स के वीडियो को करोड़ों लोग देखते हैं। हिक्स के अधिकाँश वीडियो भारतीय समाज से सम्बंधित होते हैं और वह इससे लोगों को हंसाते हैं।

लोगों की यह जानने में उत्सुकता रहती है कि एक अमेरिकी अंग्रेज होने बाद भी हिक्स कैसे हिंदी और भोजपुरी में वीडियो बनाते हैं। उन्होंने अपनी कहानी एक बार इन्स्टाग्राम पर एक पोस्ट डाल कर शेयर की थी। उन्होंने बताया था कि उनका भारत से कैसे जुड़ाव हुआ।

हिक्स ने बताया कि जब वह पाँच वर्ष के थे तभी उनके माता-पिता वाराणसी आ गए थे। उनके पिता बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में थे। इसके बाद उनका परिवार बिहार चला गया। हिक्स ने बताया कि उन्होंने यहीं पर हिंदी सीखी। हिक्स ने बताया कि वह 11 वर्षों तक भारत में रहे। इस दौरान उनका भारत से जुड़ाव बढ़ता गया।

हिक्स ने बताया कि उनका जीवन भी भारतीय बच्चों की तरह पतंग उड़ाते, क्रिकेट खेलते और भारतीय घरों की तरह दाल चावल खाते हुए गुजरा। उन्होंने कहा कि वह भारत में कई जगह घूमे हैं। उनके भारत में बहुत सारे दोस्त भी हैं। उन्होंने भारत में अपने पसंदीदा जगह की भी बात की थी।

हिक्स ने बताया कि भारत इतना सुंदर है कि किसी एक जगह को अपनी पसंदीदा बताना मुश्किल है। उन्होंने कहा था कि उन्हें सबसे अधिक केदारनाथ पसंद है। उन्होंने एक वीडियो में बताया था कि उनका पासपोर्ट जरुर अमेरिकी है लेकिन उनका दिल एक बिहारी का है।

एक अन्य वीडियो में हिक्स ने कहा कि अगर कोई उनसे यह कहे कि वह असली अमेरिकी नहीं हैं तो वह यह कहेंगे जो जिसका मन है वह सोच सकता है, लेकिन अगर कोई उन्हें असली बिहारी नहीं मानेगा तो वह गुस्से में आ जाएँगे। हिक्स अन्य कई देशों के यूट्यूबर के साथ वीडियो बनाते हैं, इनमें से अधिकाँश हिंदी में वीडियो बनाने वाले होते हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया