क्यों बंद होने को मजबूर हुआ दुनिया का पहला ‘वजाइना म्यूजियम’…

दुनिया का पहला 'वजाइना म्यूजियम' 1 फरवरी से हो जाएगा बंद : नए स्थान की तलाश जारी (फोटो क्रेडिट-indipendent)

लंदन के बेथनल ग्रीन में स्थित दुनिया के पहले ‘वजाइना म्यूजियम (Vagina Museum)’ को 1 फरवरी 2023 से बंद कर दिया जाएगा। म्यूजियम को मार्च 2022 में ही बेथनल ग्रीन (Bethnal Green) के विक्टोरिया पार्क स्क्वायर में शिफ्ट किया गया था। इससे पहले यह कैमडेन मार्केट में था। दरअसल प्रॉपर्टी गार्जियनशिप स्कीम (Guardianship Scheme) की अवधि पूरी होने यानी कॉन्ट्रैक्ट अवधि पूरी होने की वजह से म्यूजियम को 1 फरवरी 2023 को यह स्थान खाली करना होगा।

म्यूजियम ने सोमवार (30 जनवरी, 2023) को घोषणा कर बताया कि उसे साइट खाली करने का नोटिस मिला है। वजाइना म्यूजियम की निदेशक फ्लोरेंस शेचटर (Florence Schechter) ने कहा, ”हम हमेशा से जानता थे कि हमें बहुत ही कम समय में जाने के लिए कहा जा सकता है। हम निराश हैं कि खाली करने का यह नोटिस इतनी जल्दी आ गया है।”

उन्होंने कहा, “10 महीनों में हमने यहाँ बहुत कुछ हासिल किया है। हमने अपने दरवाजे से हजारों लोगों का स्वागत किया है। हमने एक खाली अप्रयुक्त इमारत को एक संपन्न सामुदायिक स्थान में बदल दिया था। भविष्य की प्रदर्शनियों के लिए हमारे पास रोमांचक योजनाएं थीं, जिन्हें फिलहाल रोकना होगा। हम सक्रिय रूप से एक नए घर की तलाश कर रहे हैं और हम उन सभी को आमंत्रित करते हैं जो इस प्रयास में हमारी मदद कर सकते हैं, ताकि हम हमारे महत्वपूर्ण शैक्षिक कार्य के साथ एकजुटता से आगे बढ़ सकें।”

‘वजाइना म्यूजियम’ विक्टोरिया पार्क स्क्वायर में अंतिम बार बुधवार (1 फरवरी, 2023) को सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। इसके बाद यह अपने नए गंतव्य की तलाश करेगा। यह पहली बार नहीं है जब म्यूजियम बेघर होने वाला है। एक अवधारणा के रूप में  इस तरह के पहल की शुरुआत 2017 में हुई थी। क्राउडफंडिंग के जरिए वर्ष 2019 में ‘वजाइना म्यूजियम’ को कैमडेन मार्केट में अपना पहला घर मिला था। हालाँकि 2021 में, ‘वजाइन म्यूजियम का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त हो गया था और इसे बिना किसी ऑफिस के छह महीने रहना पड़ा था। अब एक बार फिर म्यूजियम के साथ कमोबेश वही स्थिति उत्पन्न हो गई है।

अपनी तरह के अनोखे इस निशुल्क म्यूजियम का उद्देश्य स्त्री रोग संबंधी शरीर रचना (Gynaecological Anatomy) और स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। विक्टोरिया पार्क स्क्वायर स्थित इस म्यूजियम में 10 महीनों के दौरान 40,000 से अधिक विजिटर्स आए थे।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया