Tuesday, October 22, 2024

58% बढ़ी गाँव वालों की कमाई, बचत भी: किसानों के सबसे बड़े बैंक का सर्वे

देश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले परिवारों की कमाई बीते 5 वर्षों में लगभग 58% बढ़ गई है। यह जानकारी NABARD के एक सर्वे में दी गई है। सर्वे में बताया गया है कि देश के ग्रामीण परिवारों की कमाई 2016-17 में ₹8059 थी जो कि 2021-22 में बढ़ ₹12698 हो गई।

सर्वे में बताया गया है कि जो परिवार कृषि से जुड़े हुए हैं, उनकी कमाई और ज्यादा है। कृषि से जुड़े परिवारों की आय ₹13361 है। सर्वे में बताया गया है कि इस बीच परिवारों का खर्च भी बढ़ा है। यह 2016-17 में ₹6646 था जो कि 2021-22 में बढ़ कर ₹11,262 हो गया।

खर्चे और कमाई के अलावा अब देश के ग्रामीण घरों में अधिक बचत भी हो रही है। सर्वे में बताया गया है कि 2021-22 में देश का एक औसत ग्रामीण परिवार ₹13209 बचा रहा था जो कि 2016-17 में ₹9104 ही था। पहले लगभग 50% घर ही बचत कर रहे थे जबकि यह संख्या बढ़ कर 66% हो गई है।