‘मेरी कामयाबी से जलते थे पति, गला दबाकर मारने की हुई कोशिश’: हीरोइन ने हीरो पति और उनके परिजनों पर कराई FIR

अनिकेत विश्वासराव-स्नेहा चव्हाण (फाइल फोटो)

मराठी एक्ट्रेस स्नेहा चव्हाण ने अपने पति और अभिनेता अनिकेत विश्वासराव के खिलाफ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। स्नेहा ने पुणे के अलंकार पुलिस थाने में अपने पति अनिकेत और ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

स्नेहा ने अपनी शिकायत में ये उल्लेख किया है कि उनके ससुराल वालों ने भी उनके साथ मारपीट की और गला घोंटकर उन्हें जान से मारने का भी प्रयास किया। रिपोर्ट में ये भी लिखा गया है कि स्नेहा का कहना है कि उनके पति अनिकेत विश्वासराव उनकी कामयाबी से जलते थे, उन्हें डर था कि फिल्म इंडस्ट्री में स्नेहा का नाम उनसे ज्यादा न हो जाए। इसके अलावा स्नेहा ने शिकायत में यह भी बताया कि वह अक्सर सभी के सामने स्नेहा का अपमान किया करते थे।

स्नेहा का आरोप है कि अनिकेत के पिता चंद्रकांत विश्वासराव और माँ अदिति विश्वासराव हर उस गलत चीज में उनका समर्थन करते थे, जो वह स्नेहा के साथ करते थे। फिलहाल, पुलिस ने स्नेहा की शिकायत पर अनिकेत और उनके माता-पिता के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी हुई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही अनिकेत को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

आपको बता दें कि स्नेहा और अनिकेत मराठी इंडस्ट्री का एक जाना माना नाम हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अनिकेत की पर्सनल लाइफ काफी सुर्खियों में रही है। अनिकेत करीब आठ साल तक हिंदी और मराठी टीवी एक्ट्रेस पल्लवी सुभाष के साथ रिलेशनशिप में रहे थे। जब दोनों अलग हुए तो उनके फैंस को बहुत बड़ा झटका लगा था।

दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया था। इन दोनों के अलग होने की खबरें काफी लंबे समय तक मीडिया की सुर्खियों में रही थीं। पल्लवी से रिश्ता टूटने के बाद साल 2018 में अनिकेत ने स्नेहा से शादी की। दोनों की शादी में केवल खास लोग ही शरीक हुए थे। दोनों को एक आइडल कपल के तौर पर देखा जाता था, लेकिन इस खबर ने इनके फैंस को हैरान कर दिया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया