‘राघव चड्ढा और परिणीति का हो गया रोका’ : वायरल खबरों के बीच फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के घर पहुँचीं एक्ट्रेस, पैपराजी के सवाल पर शरमाईं

परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा का हुआ रोका (फोटो साभार: पिंकविला)

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) और आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) एक साथ लंच और डिनर पर नजर आने के बाद से लगातार चर्चा में हैं। हालाँकि, दोनों ने शादी के सवाल पर चुप्पी साध रखी है। हाल ही में परिणीति को रिंग फिंगर में अँगूठी पहने हुए भी देखा गया था। इसी बीच परिणीति और राघव के ‘रोके’ की खबरें सामने आ रही हैं।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर उनकी एक वीडियो भी खूब वायरल हो रही है, जिसमें उन्हें फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के घर के बाहर देखा गया। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, परिणीति और राघव का रोका हो गया है। इनकी शादी इसी साल अक्टूबर के आखिर में हो सकती है। एक वीडियो में पैपराजी उनसे पूछते हैं- “परी जी शादी कब है?” इस पर परिणीति को सवालों से बचकर निकलते देखा जा सकता है।

रिपोर्ट में परिणीति और राघव के एक करीबी के हवाले से लिखा गया है, “दोनों का रोका काफी प्राइवेट तरीके के साथ किया गया। इसमें केवल परिवार के लोग ही शामिल थे। दोनों बहुत खुश हैं। इनकी शादी इस साल अक्टूबर तक होगी। परिणीति और राघव को अभी कोई जल्दबाजी नहीं है। दोनों अपने-अपने काम में बिजी हैं। शादी से पहले वे अपने सभी कामों को पूरा करने में लगे हुए हैं।” ऐसा कहा जा रहा है कि परिणीति की चचेरी बहन प्रियंका चोपड़ा उसी समय Jio Mami Film Festival के लिए भारत आएँगी। पीसी इस फिल्म फेस्टिवल की चेयरपर्सन हैं।

मालूम हो कि आम आदमी पार्टी के सांसद संजीव अरोड़ा ने 28 मार्च 2023 को राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें बधाई दी थी। इसके बाद से कयास लगाए जाने लगे थे कि दोनों ने सगाई कर ली है। दूसरी तरफ सिंगर और एक्टर हार्डी संधू ने भी डीएनए को दिए साक्षात्कार में दोनों के रिश्तों पर मुहर लगाई थी। उन्होंने कहा था, “आखिरकार परिणीति अपनी जिंदगी में सेटल हो रही हैं। मैं बहुत खुश हूँ कि ऐसा होने जा रहा है। मैं दोनों को बेहतर जीवन के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ।”

बता दें कि दोनों को सबसे पहले मुंबई में 23 मार्च 2023 की शाम एक रेस्टोरेंट के बाहर देखा गया था। यहाँ ये दोनों व्हाइट शर्ट पहने हुए दिखाई दिए थे। दोनों के बांद्रा में भी एक साथ लंच करने की खबरें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें वायरल होने के बाद भी दोनों ने अभी तक इस पर खुल कर कोई बयान नहीं दिया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया