विनोद कांबली ने बीवी को बर्तन फेंक कर मारा, भद्दी-भद्दी गालियाँ देकर बेटे को भी लपेटा: FIR दर्ज

विनोद कांबली अपनी बीवी के साथ (फाइल फोटो)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली पर अब उनकी पत्नी ने मारपीट की FIR दर्ज करवाई है। कांबली पर शराब के नशे में अपनी बीवी को बर्तन फेंक कर मारने का आरोप है। आरोप है कि इस दौरान पूर्व क्रिकेटर ने अपनी बीवी को गंदी-गंदी गालियाँ भी दीं। पुलिस मामले की जाँच कर रही है। फिलहाल कांबली की गिरफ्तारी नहीं की गई है। घटना शुक्रवार (3 फरवरी 2023) की बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विनोद कांबली पर FIR बांद्रा थाने में दर्ज हुई है। यहीं पर कांबली का फ़्लैट भी है। उनकी पत्नी एंड्रिया का कहना है कि शुक्रवार की दोपहर लगभग 1 बजे से डेढ़ बजे के बीच कांबली ने उन पर खाना बनाने वाला पैन फेंक कर हमला किया। यह पैन एंड्रिया के सिर में लगा, जिससे उन्हें चोट आई।

शिकायत में बताया गया है कि हमले के दौरान विनोद कांबली नशे में थे। इस दौरान उन्होंने अपनी बीवी को भद्दी-भद्दी गालियाँ भीं दीं। एंड्रिया ने इसकी शिकायत पुलिस में की तो कांबली पर IPC की धारा 323 व 504 के तहत FIR दर्ज कर ली गई है।

एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक कांबली के 12 साल के बेटे ने अपने पिता को समझाने की कोशिश करते हुए झगड़ा बचाने का प्रयास किया लेकिन वो सफल नहीं हुआ। कांबली पर अपने बेटे को भी गाली देने का आरोप है। बाद में बेटा ही अपनी माँ को इलाज के लिए भाभा अस्पताल ले गया। वहाँ से लौट कर एंड्रिया ने अपने पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी।

गौरतलब है कि 1 साल पहले फरवरी 2022 में बांद्रा पुलिस ने पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली को शराब के नशे में कार चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस दौरान एक सोसाइटी के शिकायतकर्ता ने कांबली पर खुद को ठोकर मारने का आरोप लगाया था। इसी के साथ अगस्त 2022 में विनोद कांबली ने अपनी आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताते हुए महीने की आमदनी 30 हजार रुपए ही होना बताया था। हालाँकि तब उन्होंने कहा था कि इस स्थिति के बारे में सचिन तेंदुलकर को सब पता है लेकिन उन्हें सचिन से कोई आशा नहीं है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया