मस्जिद के पास डॉ इकबाल अंसारी के घर में चल रहा था हथियारों का कारोबार: तस्करों ने खोला राज, फैक्ट्री चलाने वाला मोहम्मद फैजल फरार

बिहार के भागलपुर में मस्जिद के पास इक़बाल के घर में अवैध हथियारों की फैक्ट्री (चित्र साभार- न्यूज़ अंग बिहार)

बिहार पुलिस ने भागलपुर जिले से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों से हुई पूछताछ के दौरान एक मस्जिद के बगल वाले घर से बंदूकों को बनाने वाली फैक्ट्री भी मिली है। इस घर के मकान मलिक का नाम डॉक्टर मोहम्मद इकबाल अंसारी और फैक्ट्री चलाने वाले का नाम मोहम्मद फैज़ल है। स्पेशल टास्क फ़ोर्स ने यह कार्रवाई शुक्रवार (23 दिसंबर 2022) को की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छापेमारी भागलपुर के नाथनगर थानाक्षेत्र में हुई है। पहले की कार्रवाई में पुलिस ने 1 दर्जन अवैध हथियारों के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया था। दोनों तस्कर हथियारों के साथ ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इनमें से एक नवगछिया का संजय कुमार और दूसरा मुंगेर का गुड्डू शर्मा है। दोनों ने पूछताछ में बड़ी मस्जिद के पास चम्पा नगर मोहल्ले में हकीम शाह लेन में एक घर में बनी फैक्ट्री से उन हथियारों को खरीदने की जानकारी दी।

पुलिस ने बताए गए मकान पर छापा मारा तो वहाँ मिनी गन बनाने की फैक्ट्री मिली। मौके पर पुलिस को मकान मालिक का बेटा मीकाईल मिला जिसे हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। इस बीच फैज़ल को पुलिस कार्रवाई की भनक लग गई थी और वो फरार हो गया। उसकी तलाश में छापेमारी चल रही है। बताया जा रहा है कि फैज़ल लगभग 2 साल से इस फैक्ट्री को किराए के मकान में चला रहा था।

पुलिस को बरामद हुए हथियारों की तस्करी का नेटवर्क बंगाल और झारखंड से जुड़े होने का शक है। पुलिस के मुताबिक उन्हें हथियारों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। हर पिस्टल 9500 रुपए का रेट तय हुआ था। फैज़ल को 50 हजार रुपए पेशगी के तौर पर मिले थे। बाकी पैसे हथियार बिकने के बाद मिलने की बात हुई थी। पुलिस ने फैज़ल के घर पर भी दबिश दी लेकिन वो वहाँ नहीं मिला। बताया जा रहा है कि फैज़ल ने पहले अपने घर से भी अवैध हथियारों की सप्लाई की है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया