हिन्दू लड़की का अपहरण कर धर्मान्तरण का दबाव, अनवर और सरवर गिरफ्तार: लालू के दोनों बेटों के अलावा बेटी पर भी UP पुलिस की नजर

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अपहरण और धर्मान्तरण के प्रयास के 2 आरोपित गिरफ्तार, (बाएँ आरोपित सरवर)

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक हिंदू लड़की के अपहरण और धर्मान्तरण के दबाव के आरोप में पुलिस ने 2 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जाफरगंज के DSP ने इस बावत हुई कार्रवाई की जानकारी गुरुवार (21 अप्रैल 2022) को दी।

पीड़िता ने खुद पर जबरन निकाह के दबाव का भी आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित परिवार ने अनवर और सरवर नाम के 2 भाइयों के साथ उनके अब्बा और बहन पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था।

DSP जाफरगंज ने 23 अप्रैल 2022 (शनिवार) को बताया, “थाना गाज़ीपुर पर एक लड़की को जबरन अगवा करने का केस दर्ज किया गया है। उसके धर्मान्तरण का भी प्रयास किया गया था। FIR दर्ज कर के 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

इस से पहले पीड़िता ने ऑपइंडिया से बात करते हुए अपने अपहरण और जबरन धर्मपरिवर्तन के दबाव की शिकायत पुलिस में देने तक की पूरी घटना बताई थी। पीड़िता ने पुलिस पर भी उनकी शिकायत पर ध्यान न देने की बात कही थी। उन्होंने स्थानीय चौकी इंचार्ज पर आरोप लगाया था कि आरोपितों को खोजने के लिए पीड़िता को ही कहा जा रहा है।

ऑपइंडिया ने इस घटना की जानकारी SHO गाजीपुर से ली। उन्होंने बताया, “घटना केस क्राइम नंबर 78/2022 की है। इसमें धारा 504, 506, 354, 366 IPC के तहत सरवर और अनवर को गिरफ्तार किया गया है। यही दोनों मुख्य आरोपित थे। इस केस में अभी आरोपितों के अब्बा लालू और एक महिला की भूमिका की जाँच की जा रही है।”

गौरतलब है कि गाजीपुर थानाक्षेत्र की पीड़िता ने आरोप लगाया था कि बाजार जाते समय अनवर और सरवर नाम के 2 भाइयों ने उनका अपहरण कर लिया था। बाद में वो कुछ दूरी पर ले जाकर उसे जबरन निकाह और धर्म परिवर्तन के लिए धमका रहे थे। उनके पीछे उनके अब्बा और उनकी बहन भी थीं। लड़की के परिजनों को देख कर आरोपित लड़की को छोड़ कर भाग निकले थे। इस मामले में पुलिसिया लापरवाही के खिलाफ विश्व हिन्दू परिषद ने भी विरोध दर्ज करवाया था।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया