राजस्थान में इजरायल के नागरिक की मौत, हमास आतंकियों के हमलों की खबर से तनाव में थे: खाना खाते समय बिगड़ी तबीयत, बचाने के सारे प्रयास नाकाम

इजरायली पर्यटक की मृत्यु के बाद दोस्तों का बुरा हाल (चित्र साभार: Dainik Bhaskar)

भारत में एक इजरायली पर्यटक की हर्ट अटैक से मौत हो गई है। मृतक की पहचान 39 साल के चेन येजेकेल के तौर पर हुई है। इस्लामी आतंकी संगठन के हमलों की खबर के बाद से वे तनाव में थे। राजस्थान के पुष्कर में खाना खाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बचाने के सारे प्रयास नाकाम रहे।

रिपोर्ट के अनुसार तबीयत बिगड़ने के बाद चेन येजेकेल को पुष्कर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर देखकर उन्हें अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन उनकी जान नहीं बची। चेन 6 अक्टूबर को दिल्ली से अपने दोस्तों के साथ पुष्कर घूमने आए थे। वह इजरायल की राजधानी तेल अवीव के निवासी थे।

8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चेन पुष्कर में यहूदियों के धार्मिक स्थल बेद खाबाद गए थे। उसके पश्चात वह दोपहर में 1:30 बजे माली थाली रेस्टोरेंट में खाना खाने अपने दोस्तों के साथ पहुँचे, जहाँ उनकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद दोस्तों ने उन्हें सीपीआर भी दिया। लेकिन उनकी स्थिति बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।

गौरतलब है कि पुष्कर स्थित बेद खाबाद वर्ष के 8 महीने बंद रहता है। यहूदी त्योहार सुक्कोट के मौके पर इसे खोला जाता है। यहाँ बड़ी संख्या में यहूदी प्रार्थना के लिए आते हैं। इसका संचालन इजरायली सरकार के पैसों से होता है।

इजरायल पर हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को अचानक हमला किया था। हमलों में अब तक 700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। 2200 से अधिक व्यक्ति घायल हैं। हमास ने 100 से अधिक इजरायली नागरिकों को बंधक बना रखा है। जवाबी कार्रवाई में इजरायल ने भी गाजा पट्टी पर हमले किए हैं। इनमें 400 से अधिक आतंकियों की मौत हुई है।

हमास के आतंकियों के हमले का सबसे बड़ा निशाना दक्षिणी इजरायल में चल रहा एक संगीत समारोह बना था। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस समारोह में आतंकियों ने 260 से अधिक लोगों की हत्या की। हमास आतंकियों ने जिस जर्मन महिला ‘शानी लौक’ के नग्न शव का परेड निकाला था, वे भी इसी पार्टी में शामिल थीं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया