प्रिया सिंह को कार से रौंदने के मामले में ब्वॉयफ्रेंड अश्वजीत गायकवाड़ सहित 3 गिरफ्तार, पुणे में SIT ने गाड़ी भी जब्त की

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर प्रिया सिंह को कार से रौंदने के आरोपी ब्वॉयफ्रैंड अश्वजीत गायकवाड हुए गिरफ्तार (फोटो साभार: प्रिया सिंह इंस्टा अकाउंट)

महाराष्ट्र सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर प्रिया सिंह की प्रताड़ना के मामले में उनके ब्वॉयफ्रेंड अश्वजीत गायकवाड़ को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अश्वजीत के साथ-साथ उसके दो अन्य आरोपितों- रोमिल पाटिल और सागर शेडगे को ठाणे पुलिस ने रविवार (17 दिसंबर 2023) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित ठाणे के रहने वाले हैं।

वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और लैंड रोवर डिफेंडर भी जब्त कर ली गई है। 26 साल की प्रिया ने हाल ही में अपने ब्वॉयफ्रेंड अश्वजीत गायकवाड़ पर झगड़े के बाद कार से रौंदने का इल्जाम लगाया था। इसके बाद अश्वजीत ने प्रिया पर नशे में होने ओर मारपीट का आरोप लगाया था।

बताते चलें कि ठाणे के पुलिस आयुक्त जयजीत सिंह ने अश्वजीत के खिलाफ आरोपों की जाँच के लिए DCP अमर सिंह जाधव के नेतृत्व में विशेष जाँच दल (SIT) बनाया था। अश्वजीत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारी हैं और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गायकवाड़ के बेटे हैं।

गिरफ्तारी करने वाली SIT के प्रमुख अमर सिंह ने बताया, “इस मामले के संबंध में 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के नाम अश्वजीत गायकवाड़, रोमिल पाटिल और सागर शेडगे हैं। हमने 4 पहिया वाहन जब्त कर लिया है। आगे की जाँच जारी है। सोमवार (18 दिसंबर 2023) को आरोपितों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।”

इस मामले में शिकायत के बाद प्रिया ने कहा था, “11 दिसंबर 2023 को मैं ठाणे के घोड़बंदर रोड के पास एक होटल में अश्वजीत गायकवाड़ से मिलने गई थी। उसने मुझ पर पर हमला किया और अपनी एसयूवी से मुझे कुचलने की कोशिश की। कासारवडवली पुलिस ने केस दर्ज किया, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।”

इस मामले में आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने धारा 279 (रैश ड्राइविंग), 323 (जानबूझकर से चोट पहुँचाना), 338 (गंभीर चोट पहुँचाना), 504 (किसी को उकसाने के लिए जानबूझकर उसका अपमान करना) और 34 (सामान्य इरादे को आगे बढ़ाने के लिए कई लोगों के किए गए काम) के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

पुलिस ने कहा, “गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फोरेंसिक सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। अगर जाँच के दौरान और तथ्यों का खुलासा हुआ तो आरोपितों पर और धाराएँ जोड़ी जाएँगी।” वहीं, प्रिया की वकील दर्शना पवार का कहना है कि उन्होंने पुलिस से आरोपितों पर हत्या की कोशिश की धारा लगाने का अनुरोध किया था, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया।

प्रिया ने कहा था कि वह गायकवाड़ के साथ रिलेशनशिप में थीं और उन्हें गायकवाड़ के शादीशुदा होने का पता नहीं था। जब पता चला तो उन्होंने इसके बारे में पूछा। इस पर अश्वजीत ने कहा कि वह अपनी पत्नी से अलग हो गया है और अब पीड़िता से शादी करना चाहता है। प्रिया का कहना है कि घटना के दिन अश्वजीत के साथ उसकी पत्नी भी थी।

प्रिया का आरोप है कि जब अश्वजीत के साथ उनकी बहस हुई तो वह आक्रामक हो गया और उस पर हमला कर दिया। प्रिया के मुताबिक, “वह अपनी कार से अपना बैग लेने गई थी, तभी अश्वजीत, उसके दोस्त रोमिल पाटिल और ड्राइवर सागर शेडगे ने गाड़ी चला दी, जिससे मैं घायल हो गई।”

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया