लड़की को अगवा किया, चिल्लाती रही पर गोद में उठा जबरन लिए फेरे: Video से खुली राजस्थान में कानून-व्यवस्था की पोल, BJP बोली- यही है कुख्यात कॉन्ग्रेस का कुशासन

राजस्थान के जैसलमेर में महिला से जबरन फेरे लेने वाले वायरल वीडियो का आरोपित गिरफ्तार (चित्र साभार- राजस्थान पुलिस)

राजस्थान के जैसलमेर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति किसी लड़की को गोद में उठाकर जबरन आग के फेरे ले रहा है। हालाँकि, लड़की इस हरकत का विरोध कर रही है। पीड़िता के परिजनों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया है। भाजपा ने इस घटना को कॉन्ग्रेस सरकार में खराब कानून व्यवस्था का उदाहरण बताया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना गुरुवार (1 जून 2023) की है।

लगभग 7 सेकेण्ड के इस वीडियो को केंद्रीय मंत्री और बाड़मेर से सांसद कैलाश चौधरी ने ‘कुख्यात कॉन्ग्रेस के कुशासन में बेटियाँ हो रहीं शर्मसार’ कैप्शन के साथ शेयर किया है। इस वीडियो में पीछे से एक महिला भी दिखाई दे रही है। जबरन फेरे लेते मुख्य आरोपित के साथ कुछ अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं। इस हरकत के विरोध में लड़की रो रही है। कैलाश चौधरी ने इन अपराधियों पर सत्ता का संरक्षण होने का आरोप लगाते हुए राजस्थान में महिलाओं को असुरक्षित बताया है।

क्या है पूरा मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के सांखला गाँव का है। यहाँ की एक युवती की शादी पहले पुष्पेंद्र सिंह नाम के युवक से तय हुई थी। दोनों की सगाई भी हो गई थी, लेकिन थोड़े समय बाद लड़की के माता-पिता ने सगाई तोड़कर अपनी बेटी का रिश्ता कहीं और तय कर दिया। इसी माह 12 जून को होने वाली इस शादी की तैयारियाँ भी शुरू हो गई थीं। इस बात से पुष्पेंद्र नाराज था। उसने 1 जून को अपने साथियों सहित लड़की को उसके घर के आगे से फॉर्च्यूनर कार से अपहरण कर लिया।

अपहरण करके लड़की को आरोपित एक सुनसान जगह ले गए। यहाँ पुष्पेंद्र ने आग के आगे लड़की को गोद में लेकर 7 फेरे लिए और इसका वीडियो भी बनाया। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि लड़की की शादी न हो इस वजह से बदनाम करवाने के लिए पुष्पेंद्र और साथियों ने इस हरकत को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की को बरामद करके उनके घर वालों को सौंप दिया गया। फ़िलहाल पुलिस वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

वहीं, इस घटना के विरोध में लड़की के घर वालों ने जैसलमेर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं और दोबारा से लड़की के अपहरण की धमकी दे रहे हैं। आरोपितों पर लड़की की शादी कहीं और न होने देने की भी चुनौती देने का आरोप है। पीड़िता के घर वालों ने फरार चल रहे अन्य आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया