गोवा घूमने आई रूसी महिला के साथ होटल के कमरे में बलात्कार, रूम बॉय शकील और सैनुद्दीन गिरफ्तार

रूस की महिला के साथ दुष्कर्म (सांकेतिक तस्वीर साभार जागरण)

गोवा घूमने आई एक रूसी महिला यात्रा के पहले ही दिन दुष्कर्म का शिकार हो गई। रूसी महिला से रेप के आरोप में 2 नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपितों ने गुरुवार (01 दिसंबर, 2022) को कैलंगुट के एक होटल में 37 वर्षीय रूसी महिला से रेप किया। दोनों आरोपित होटल में रूम बॉय का काम करते थे।

पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक उत्तरी गोवा के कैलंगुट स्थित होटल में रूसी महिला से बृहस्पतिवार (1 दिसंबर, 2022) को दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में दो नेपाली युवकों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान शकील अंसारी और सैनुद्दीन अंसारी के तौर पर हुई है। दोनों आरोपित नेपाल के बर्दिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो उसी होटल में रूम बॉय का काम करते थे।

पुलिस ने जानकारी दी कि गोवा पहुँचने के पहले ही दिन महिला के साथ हैवानियत की गई। महिला अपने 2 दोस्तों के साथ होटल में ठहरी हुई थी। बृहस्पतिवार को गोवा पहुँचने के बाद महिला घूमने निकल गई। गोवा में कई कई पर्यटक स्थलों की सैर के बाद शाम के समय महिला अपने होटल में पहुँची। रिपोर्ट्स के मुताबिक होटल पहुँचने के बाद महिला ने शराब का सेवन किया और अपने कमरे में सोने के लिए चली गई। महिला के दोनों दोस्त उस वक्त बाहर थे।

पुलिस के मुताबिक उसके बाद रूसी महिला के कमरे में सफाई के बहाने पहला आरोपित दाखिल होता है और महिला के नशे का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म करता है। नशे में होने की वजह से उस समय महिला कुछ समझ नहीं सकी। घटना के कुछ देर बाद दूसरा आरोपित कमरे में दाखिल होता है और वह भी महिला के साथ बलात्कार की कोशिश करता है लेकिन महिला शोर मचाने लगती है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जाँच की जा रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया