गर्भवती नहीं है साजिद की बीवी, 15 दिन पहले मायके छोड़ आया था: बदायूँ में डिलिवरी के लिए पैसे माँगने के बाद ही हिंदू बच्चों को काटा था

साजिद ने बीवी के गर्भवती होने के नाम पर ₹5000 माँगे थे (चित्र साभार: NDTV & TV9)

उत्तर प्रदेश के बदायूँ में एक सैलून साजिद ने दो हिन्दू बच्चों की हत्या कर दी। इस मामले में कहा गया कि साजिद की पत्नी गर्भवती है और उसी के इलाज के लिए वह बच्चों की माँ से पैसे उधार लेने आया था, इसी के बाद उसने हत्या की। अब इस मामले में खुलासा हुआ है कि साजिद की पत्नी गर्भवती नहीं है और वह बीते 15 दिनों से अपने मायके में है।

साजिद की पत्नी से TV9 चैनल के पत्रकार ने बात की है। साजिद की पत्नी का नाम सना है। उसका 4 साल पहले साजिद से निकाह हुआ था। सना ने मीडिया चैनल को बताया कि वह पिछले 15 दिनों से अपने मायके में है और साजिद उसे यहीं छोड़ गया था। सना से रिपोर्टर ने पूछा कि साजिद बच्चों के घर में आपके गर्भवती होने के कारण उधार माँगने के बहाने से घुसा था और फिर उसने बच्चों की हत्या की, ऐसे में क्या वह गर्भवती हैं या नहीं? सना ने कहा कि वह वर्तमान में गर्भवती नहीं है। सना की माँ ने भी इस बात की पुष्टि की।

वहीं इससे पहले यह भी बात सामने आई थी कि साजिद और उसकी पत्नी के पाँच बच्चे पहले मर चुके थे। इस बात का भी सना ने खंडन किया। सना ने बताया कि उसके और साजिद के निकाह को चार साल हुए और दोंनो के 2 बच्चे हुए हैं, जो कि जीवित नहीं बच सके।

सना ने बताया कि इस बात को लेकर कभी उसकी साजिद से बहस नहीं हुई। साजिद ने बच्चों के जीवित ना रहने पर कहा कि ऊपर वाला दे रहा है लेकिन नहीं बच रहे तो क्या किया जा सकता है। सना ने किसी भी तंत्र मन्त्र वाले एंगल की बात भी नकारी। इससे पहले कहा गया था कि हो सकता है साजिद ने तंत्र मंत्र के चक्कर में इन दोनों बच्चों की हत्या की हो।

सना ने बताया कि उसकी आठ दिन पहले साजिद से बात हुई थी। उसके पास अपना फ़ोन नहीं है। वह उसे 15 दिन पहले मायके छोड़ गया था। सना ने यह भी बताया कि वह समय समय पर उसे मायके छोड़ जाता था और 15-20 दिन में वापस ले जाता था। सना ने बताया कि उसे इस हत्याकांड की कोई जानकारी नहीं है, उसने सुबह ये बात जानी है कि साजिद ने दो बच्चों की हत्या कर दी और उसका भी एनकाउंटर हो गया। उसने कहा कि उसे साजिद और जावेद के विषय में कोई जानकारी नहीं थी।

गौरतलब है कि साजिद ने कल (19 मार्च, 2024) को बदायूँ की बाबा कॉलोनी में दो हिन्दू बच्चों आयुष और अहान को मार दिया था। दोनों बच्चों की छुरी से रेत कर हत्या की गई थी। साजिद के साथ उसका भाई जावेद भी मौजूद था।

मृतक बच्चों के पिता विनोद ने पुलिस के पास दर्ज करवाई FIR में कहा है कि साजिद, जावेद के साथ उनके घर शाम 7 बजे के आसपास आया था। इसके बाद उसने अंदर आकर बच्चों की माँ संगीता से ₹5000 माँगे। उसे इसके पीछे कारण दिया कि उसकी पत्नी गर्भवती है और उसके इलाज के लिए पैसे चाहिए। हालाँकि, अब सना के बयान से स्पष्ट हुआ है कि साजिद ने पैसा माँगने के लिए झूठ बोला था।

साजिद बच्चों की हत्या करने के बाद घटनास्थल से फरार हो गया था। हालाँकि, पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह कल ही मारा गया था। उसका साथी जावेद अब भी फरार है। पुलिस जावेद की तलाश में छापेमारी कर रही है।

sajid wife sana not pregnant budaun hindu children murder by muslim barber

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया