‘भारत हमारा स्वाभिमान है’ : तिरंगे का अपमान करने वाले खालिस्तानियों को भारतीय सिखों ने दिया मुँहतोड़ जवाब, ब्रिटिश उच्चायोग के सामने प्रदर्शन

ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर सिखों का प्रदर्शन (तस्वीर साभार: मनजिंदर सिंह सिरसा)

ब्रिटेन के लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर खालिस्तान समर्थकों द्वारा किए गए तिरंगे के अपमान के विरोध में दिल्ली में सिखों ने आज (20 मार्च 2023) ब्रिटिश हाई कमीशन के सामने प्रदर्शन किया। सोमवार को दिल्ली के चाणक्यपुरी में कई लोग ब्रिटिश हाई कमीशन के आगे इकट्ठा हुए और लंदन की घटना के खिलाफ रोष प्रकट किया। इस दौरान सिखों के हाथ में भारी मात्रा में तिरंगे, प्लेकार्ड देखे गए जिनपर लिखा था- ‘भारत हमारा स्वाभिमान है।’

मनसिंदर सिंह सिरसा ने इस प्रोटेस्ट की फोटो शेयर करते हुए कहा, “भारत के सिखों ने ब्रिटिश हाई कमीशन के आगे प्रदर्शन करके बाहर बैठे भारत विरोधी तत्वों को एक बहुत स्पष्ट संदेश दिया है। हम चंद लोगों को हमारे देश के साथ हमारे संबंध को कमजोर नहीं होने देंगे।”

इम्प्रीत सिंह बख्शी ने लिखा- “सिख का संबंध भारत से है, भारत का संबंध सिखों से। लंदन में भारतीय हाई कमीशन में हुई तोड़फोड़ के विरोध में दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर सिख प्रदर्शन कर रहे हैं।”

बता दें कि  रविवार (19 मार्च 2023) को खालिस्तानियों ने भारतीय उच्चायोग के सामने इकट्ठा होकर खालिस्तानी झंडे लहराते हुए भारत का तिरंगा निकाल दिया था। यही नहीं, वहाँ खालिस्तानी झंडा लगाने की भी कोशिश की थी जिसके बाद भारत ने इस घटना का मुँह तोड़ जवाब देते हुए पहले से भी बड़ा तिरंगा इमारत पर फहरा दिया है और मामले में 1 व्यक्ति की गिरफ्तारी भी हुई।

दरअसल, घटना सामने आने के बाद भारत सरकार ने भारत में ब्रिटेन के राजदूत को तलब किया था। इसके बाद ब्रिटिश राजदूत एलेक्स एलिस ने ट्वीट कर इस घटना की निंदा की थी। उन्होंने कहा था, “मैं लंदन में भारतीय उच्चायुक्त में हुए शर्मनाक कृत्य पर निंदा करता हूँ। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।”

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया