घर के बाहर खेल रही 5 साल की बच्ची हो गई गायब, बाद में फईम के घर मृत मिली: रेप के बाद हत्या की परिजन जता रहे आशंका

प्रतीकात्मक तस्वीर (साभार: लाइव हिंदुस्तान)

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 5 साल की एक बच्ची अपने घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक गायब हो गई। बाद में वह पड़ोसी फईम के घर में मृत मिली। परिजनों ने रेप के बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालाँकि पुलिस ने अभी रेप की पुष्टि नहीं की है। 30 साल का फईम नशेड़ी बताया जा रहा है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना सोमवार (24 अप्रैल 2023) की है।

जानकारी के मुताबिक मामला बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का है। बच्ची सुबह के करीब 5 बजे अपने घर के बाहर खेल रही थी। अचानक वह गायब हो गई। 2-3 घंटे बाद भी जब वह घर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तलाश करते हुए बच्ची के परिजन अपने पड़ोसी फईम के घर पहुँचे। यहाँ उन्होंने फईम को नशे के चलते बेहोशी की हालत में पाया। उसके पास ही बच्ची मृत अवस्था में पड़ी मिली।

डिप्टी SP अनविता उपाध्याय के मुताबिक यह देखने के बाद पीड़िता के घर वालों ने उसकी पिटाई भी की। मामले की सूचना पाते ही पुलिस पहुँची और फईम को हिरासत में ले लिया। फईम पर FIR दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी सबूत जुटाने के साथ मामले में प्रभावी पैरवी की जाएगी। साथ ही आरोपित फईम को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वायरल हो रहे एक वीडियो में मृतका के परिजनों ने बताया कि उन्हें फईम पर शक बच्ची की चप्पल उसके घर के आगे देख कर हुआ था।

बच्ची के परिजनों ने फईम पर पहले भी दुष्कर्म में शामिल रहने का भी आरोप लगाया है। इस दौरान पीड़ित परिजन किसी डॉक्टर नसीम पर बच्ची की शव देखने से रोकने का आरोप भी लगा रहे हैं। बच्ची के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात का आभास भी नहीं था कि उसके पड़ोसी ऐसा करेंगे।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया