महिला को आत्मदाह के लिए उकसाया: कॉन्ग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व राज्यपाल के बेटे को लखनऊ पुलिस ने लिया हिरासत में

महिला ने किया था आत्मदाह का प्रयास, कॉन्ग्रेस नेता हिरासत में

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित विधानसभा के बाहर अंजना तिवारी नाम की महिला ने खुद के शरीर में आग लगा कर आत्मदाह की कोशिश की थी। अब इस मामले में कॉन्ग्रेस के ही एक नेता आलोक प्रसाद को हिरासत में लिया गया है। लखनऊ पुलिस ने कॉन्ग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व राज्यपाल सुखदेव प्रसाद के बेटे आलोक प्रसाद को हिरासत में लिया है। आरोप है कि मंगलवार (अक्टूबर 13, 2020) को आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला को UP कॉन्ग्रेस के SC विभाग के अध्यक्ष आलोक प्रसाद ने ही उकसाया था।

‘आजतक’ की खबर के अनुसार, पुलिस ने बुधवार की सुबह उनके आवास से ही आलोक प्रसाद को हिरासत में ले लिया। महिला ने उनके द्वारा उकसाए जाने के बाद खुद के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल कर आग लगा ली और आत्मदाह का प्रयास किया। 35 वर्षीय महिला का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आलोक के पिता सुखदेव प्रसाद राज्यपाल भी रहे थे।

महिला का आरोप है कि महाराजगंज के निवासी अखिलेश तिवारी से उसकी शादी हुई थी जिसके बाद तलाक हो गया। तत्पश्चात महिला ने धर्म परिवर्तन कर आसिफ नाम के युवक से शादी कर ली। बताया गया है कि शादी के बाद आसिफ सऊदी अरब चला गया। महिला ने आसिफ के परिजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। हाथरस मामले के बीच इस तरह की घटना का सामने आना चर्चा का विषय बन रहा है।

उत्तर प्रदेश कॉन्ग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने ‘जय भीम’ का नारा देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश दलित कॉन्ग्रेस के चेयरमैन आलोक प्रसाद जी को मध्य रात्रि बिना वारंट गिरफ़्तार करना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए साजिशों का खेल कर रही है और लगातार दलितों-वंचितों का दमन कर रही है। उन्होंने कहा, “सीएम जान लें कि कॉन्ग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है।

https://twitter.com/AjayLalluINC/status/1316263878683029509?ref_src=twsrc%5Etfw

महिला का नाम अंजना तिवारी है। लेकिन, आसिफ के साथ निकाह के बाद उसने अपना नाम बदल कर आइसा रख लिया था। उसने विधानसभा के गेट पर खुद को आग लगाई। महिला ने जैसे ही खुद को आग लगाई, पुलिस ने जल्दी-जल्दी में वहाँ पहुँच कर उसे बचाया और अस्पताल में ले जाया गया। लखनऊ डीसीपी सेंट्रल सोमेन वर्मा का कहना है कि जाँच शुरू है और इस मामले की तह तक पुलिस पहुँचेगी।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया