उत्तर प्रदेश के बहराइच में दुर्गा पूजा के मूर्ति विसर्जन के दौरान रामगोपाल मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने के आरोपित सरफराज का और तालिब का एनकाउंटर कर दिया गया है। एनकाउंटर में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी है। इससे वे घायल हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, यह मुठभेड़ नानपारा कोतवाली के बाइपास में हुई है।
घायल आरोपियों को इलाज के लिए नानपारा सीएचसी में भर्ती किया गया है। सीएचसी के बाहर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। इसमें किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। कहा जाता है कि गोपाल मिश्रा पर गोली सरफराज ने ही चलाई थी। कहा जा रहा है कि दोनों आरोपित नेपाल भागने की फिराक में थे।
बता दें कि रविवार (13 अक्टूबर 2024) को बहराइच में दुर्गा पूजा की समाप्ति पर मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। उस दौरान 22 साल का युवक राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई थी। मिश्रा को अब्दुल हमीद के घर में खींचकर हत्या कर दी गई थी। इसमें हमीद का बेटा सरफराज भी शामिल था।
इसके पथराव तथा गोलीबारी में करीब छह लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद तोड़फोड़ और आगजनी की गई। इसके बाद बहराइच पुलिस ने कई अज्ञात और कुछ नामजद लोगों के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज कीं। पुलिस ने इलाके में छापेमारी कर अब तक 55 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।