खालिस्तानी अमृतपाल लड़ेगा खडूर साहिब से लोकसभा चुनाव: थाने पर हमला करने के कारण हुआ था जेल में बंद, NSA भी लगा

अमृतपाल (इंडियन एक्सप्रेस)

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह खडूर साहिब से एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जानकारी उसके वकील राजदेव सिंह खालसा ने दी है। इस समय अमृतपाल डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। उसके ऊपर एनएसए के तहत मामला दर्ज है।

बता दें कि अमृतपाल सिंह पिछले दिनों अपनी माँ बलविंदर कौर की गिरफ्तारी के कारण चर्चा में आया था। पुलिस ने उसके चाचा सुखचैन सिंह समेत 4 को गिरफ्तार किया था। इन लोगों का प्लान 8 अप्रैल 2024 को खालसा चेतना मार्च का आयोजन करने का था।

उससे पहले ‘वारिस पंजाब दे’ का मुखिया खालिस्तानी अमृतपाल सिंह अजानला पुलिस थाने पर हमला करने के बाद मीडिया की सुर्खियाँ बना था। जब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए निकली तो पता चला कि वो फरार हो गया है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस करीबन एक महीने बाद उसे पकड़ने में सफल हुई थी। इसके बाद उसे असम के डिब्रूगढ़ जेल में भेज दिया गया था। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी लगाया गया था।

गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह का जन्म जल्लूपुर खेड़ा गाँव में 1993 में हुआ था। 12 क्लास पास करने के बाद वो दुबई गया। वहाँ उसे ट्रांसपोर्ट का बिजनेस किया और 2022 में दीप सिद्धू की मौत के बाद वो ‘वारिस पंजाब दे’ का नया प्रमुख बन गया। इसी के बाद से वो प्रशासन को चुनौती देने लगा था और 2023 में थाने पर हमला किया था।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया