मोदी सरकार में जल्द फेरबदल की अटकलें कई दिनों से लग रही है। मीडिया में कई नामों पर चर्चा हो रही है जिन्हें केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है। टाइम्स नाउ ने सूत्रों के हवाले से ऐसे 6 नाम बताए हैं। इनमें सबसे चौंकाने वाला नाम वरुण गाँधी का है। दूसरी ओर आज तक से बातचीत में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में 2022 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर ही लड़ा जाएगा।
टाइम्स नाऊ की मानें तो उन्हें उच्च सरकारी सूत्रों से 6 नाम मिले हैं जिन्हें मोदी कैबिनेट में जगह मिलने की उम्मीद है। ये नाम हैं: ज्योतिरादित्य सिंधिया, वरुण गाँधी, भूपेन्द्र यादव, दिनेश त्रिवेदी, अश्विनी वैष्णव, जामग्याल सेरिंग नामग्याल।
https://twitter.com/TimesNow/status/1405552672334258179?ref_src=twsrc%5Etfwसंभावित चेहरों के तौर पर जो नाम बताए गए हैं उनमें से ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिनेश त्रिवेदी मनमोहन सरकार में भी मंत्री रहे हैं। सिंधिया कॉन्ग्रेस छोड़कर तो त्रिवेदी तृणमूल कॉन्ग्रेस से इस्तीफा दे बीजेपी में शामिल हुए हैं।
भूपेन्द्र यादव भाजपा के उन प्रमुख वरिष्ठ रणनीतिकारों में से एक हैं जिनके कारण पार्टी बिहार और हैदराबाद में बेहतर प्रदर्शन कर पाई। वरुण गाँधी पीलीभीत से सांसद हैं और उनकी छवि कट्टर हिंदुत्ववादी नेता की रही है।
जामग्याल सेरिंग नामग्याल लद्दाख से भाजपा सांसद हैं। लद्दाख हिल काउंसिल चुनाव में बीजेपी का दबदबा बनाने में उनका अहम रोल रहा है। इनके अलावा अश्विनी वैष्णव भी कैबिनेट के संभावितों में से एक हैं। पूर्व आईएएस अधिकारी वैष्णव ओडिशा से बीजू जनता दल की सहायता से राज्य सभा सांसद चुने गए हैं।
दूसरी तरफ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट तौर पर यह कहा है कि भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी। सीएम योगी की तारीफ करते हुए पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना संक्रमित होने के बावजूद भी वह आइसोलेशन से काम करते रहे। उनके परिश्रम पर कोई भी सवाल नहीं उठा सकता। यूपी में सीएम का चेहरा वही होंगे।
https://twitter.com/aajtak/status/1405534818851377154?ref_src=twsrc%5Etfwगौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया के एक खास वर्ग की तरफ ये यह प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा था कि बीजेपी आलाकमान यूपी के नेतृत्व में बदलाव कर सकता है। लेकिन राजनाथ सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि योगी ही यूपी में मुख्यमंत्री पद के इकलौते दावेदार हैं।