छठ पर प्रतिबंध के खिलाफ प्रदर्शन में मनोज तिवारी घायल: सिसोदिया ने केंद्र पर फोड़ा ठीकरा तो गरजी BJP – ‘ईद में पूछा था?’

अस्पताल में चल रहा घायल मनोज तिवारी का इलाज (बाएँ), भाजपा का प्रदर्शन (दाएँ)

दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने छठ पूजा को प्रतिबंधित किए जाने के विरुद्ध बड़ा विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें सांसद मनोज तिवारी घायल हो गए। वो फिलहाल सफ़दरगंज अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर भी लाठीचार्ज का आरोप लगाया है। मनोज तिवारी ने अस्पताल में से ही वीडियो जारी कर खुद के ठीक होने की सूचना दी और डॉक्टरों का धन्यवाद किया।

https://twitter.com/ManojTiwariMP/status/1447880335694262278?ref_src=twsrc%5Etfw

दिल्ली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, “जब दिल्ली में सब खुल चुका है तो छठ पर्व पर ही प्रतिबंध क्यों? क्या मुख्यमंत्री अरविंद केजरिवल सिर्फ एक धर्म विशेष के ही मुख्यमंत्री हैं? केजरीवाल सरकार छठ महापर्व की व्यवस्था भले न करे किन्तु भाजपा शासित निगम अपने पूर्वांचली भाईयों-बहनों के लिए सारी व्यवस्था करेगी।” मनोज तिवारी के घायल होने से कई भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।

उधर दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिख कर छठ के संबंध में दिशानिर्देश जारी करने का आग्रह किया है। सिसोदिया ने इसे एक ‘शुभ, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक-सामाजिक और पूर्वांचाल के लोगों द्वारा श्रद्धा व तपस्या के साथ मनाया जाने वाला पर्व’ बताते हुए कहा कि भारत सरकार जल्द विशेषज्ञों से परामर्श लेकर इस संबंध में दिशानिर्देश जारी करे।

भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने सिसोदिया के इस पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मनीष सिसोदिया जी, जी ईद पर बाजार मनसुख भाई से पूछ के खोला था? नाटक मत करो, आपके चेहरे नंगे हो चुके है।” वहीं दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने कहा, “बकरीद और ईद पर जब दिल्ली सरकार ने छूट दी थी तब केंद्र सरकार को क्यों नहीं लिखा केजरीवाल जी? केजरीवाल और सिसोदिया, दोनों ने हजारों बच्चों को स्टेडियम में बुलाकर मेंटोर प्रोग्राम लॉन्च किया, तब क्यों ना लिए दिशानिर्देश केंद्र से?”

https://twitter.com/TajinderBagga/status/1447911095599910914?ref_src=twsrc%5Etfw

इससे एक दिन पहले आदेश गुप्ता ने छठ पूजा पर प्रतिबंध को पूर्वांचल के लोगों का बहुत बड़ा अपमान करार दिया था। उन्होंने कहा था, “भाजपा एलान करती है कि हम छठ पूजा मनाएँगे और छठ पूजा के लिए जो भी निगम की ओर से व्यवस्थाएँ होंगी, वो भी हम पूर्ण करेंगे। भाजपा के कार्यकर्ता ये सुनिश्चित करेंगे कि छठ महापर्व कोरोना के नियमों का पालन करते हुए बड़ी धूमधाम से मनाया जाए। केजरीवाल सरकार छठ पूजा के महापर्व पर प्रतिबंध लगाकर दिल्ली में रहने वाले सभी पूर्वांचल वासियों की आस्था व विश्वास के साथ खिलवाड़ कर रही है।”

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया