अमेरिका में घर में घुस कर ताबड़तोड़ गोलीबारी, 8 साल का बच्चा समेत 5 की हत्या: बच्चों को बचाने के लिए उनके ऊपर लेट गई थीं महिलाएँ, हत्यारे पर ₹41 करोड़ का इनाम

गोलीबारी से फिर दहला अमेरिका (प्रतीकात्मक फोटो, साभार: HT)

अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। अब टेक्सास प्रांत के क्लीवलैंड में हुई फायरिंग में 8 साल के बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है। घटना शुक्रवार (28 अप्रैल 2023) रात की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपित रायफल से फायरिंग कर रहा था। इस पर पड़ोसियों ने उसके घर जाकर कहा कि वे सो रहे हैं इसलिए वह फायरिंग न करे। इस पर वह भड़क गया और कहा कि यह उसका घर है। इसके बाद उसने पड़ोसियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना के समय घर में कुल 10 लोग थे। इनमें से 5 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 3 महिलाएँ, एक पुरूष और एक 8 वर्षीय बच्चा शामिल है।

पुलिस ने कहा है कि घटना के बाद दो महिलाएँ बच्चों के ऊपर मृत पाई गईं। कहा जा रहा है कि बच्चों को बचाने के लिए महिलाएँ उनके ऊपर लेट गई थीं। हमले में 3 बच्चे तो बच गए लेकिन महिलाओं की गर्दन गोलियों से छलनी हो गई। इससे उनकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने घटना स्थल के पास से एक रायफल भी बरमाद की है।

पुलिस को आरोपित का एक वीडियो भी मिला है। वीडियो में वह रायफल लिए दिखाई दे रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अदालत ने आरोपित के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। साथ ही उस पर 5 मिलियन यानी करीब 41 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

बता दें कि अमेरिका में ‘गन कल्चर’ के चलते फायरिंग की घटनाएँ सामने आती रहती हैं। इससे पहले इसी साल फरवरी में टेनेसी राज्य के मिसिसिपी के ग्रामीण इलाके अर्काबुतला काउंटी में एक शख्स ने अंधाधुंध फायरिंग कर 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। आरोपित ने पहले अपनी पूर्व पत्नी की हत्या की इसके बाद अपने सौतेले पिता और उनके घर पर मौजूद एक महिला की हत्या कर दी। इसके बाद उसने चर्च के पास 2 और लोगों की हत्या कर दी थी।

अमेरिका के कैलिफोर्निया में 21-22 जनवरी 2023 की रात मास शूटिंग की घटना में 10 लोगों की मौत हो गई थी। मोंटेरी पार्क इलाके में चीनी नववर्ष को लेकर जश्न मनाया जा रहा था, तभी एक हमलावर ने आंधाधुन गोलियाँ चला दीं। नवंबर 2022 में वर्जीनिया के वालमार्ट के एक स्टोर में हुई फायरिंग में 10 लोगों की मौत हो गई थी।

इसके पहले टेक्सास में 18 साल एक युवक ने AK-47 से अपनी दादी को गोली मारी। फिर स्कूल पहुँचकर अंधाधुंध फायरिंग की। अमेरिका को हिला देने वाली यह घटना 24 मई 2022 को हुई थी। जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई थी। अमेरिका में मास शूटिंग जैसी घटनाओं के पिछे यहाँ के गन कल्चर को दोषी ठहराया जाता रहा है। जिसे बदलने के लिए खास प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया