दुबई का 84 किमी इलाका कहलाएगा ‘हिंद सिटी’, इस्लामी मुल्क के PM शेख मोहम्मद ने ‘अल मिन्हाद’ का बदला नाम: क्या भारत से है कोई कनेक्शन?

दुबई के शासक शेख मोहम्मद ने अल मिन्हाद क्षेत्र का नाम बदल कर 'हिंद सिटी' किया (फोटो साभार: CAknowledge)

‘संयुक्त अरब अमीरात (UAE)’ के उप-राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम (Sheikh Mohammed bin Rashid Al Maktoum) ने रविवार (29 जनवरी, 2023) को अल मिन्हाद क्षेत्र और इसके आसपास के क्षेत्रों का नाम बदलकर ‘हिंद सिटी’ कर दिया। यूएई की आधिकारिक समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हिंद 1 से हिंद 4 तक 4 जोन वाला यह शहर 83.9 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है।

जैसे ही यह खबर भारत पहुँची, कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि भारतीयों के योगदान को स्वीकार करने के लिए दुबई के इन क्षेत्रों का नाम बदल दिया गया है। हालाँकि, नाम बदलने के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। यह अल मिन्हाद क्षेत्र और इसके आसपास के क्षेत्रों का नाम बदलने के पीछे का वास्तविक कारण नहीं हो सकता है।

हिंद का अर्थ अरबी में काफी कुछ हो सकता है। यह एक पुराना अरबी नाम भी है। दरअसल, शेख मोहम्मद की पहली बीवी का नाम भी हिंद है। शेख मोहम्मद की बीवी हिंद बिन्त अल मकतूम ने 26 अप्रैल 1979 को एक भव्य समारोह में उनसे निकाह किया था। इस दंपति के 12 बच्चे हैं, जिनमें क्राउन प्रिंस और दुबई के क्राउन के लिए दूसरे नंबर पर आने वाले शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम शामिल हैं। इसलिए, इन क्षेत्रों का नाम उनके नाम पर रखा जा सकता है।

हिंद अरबी में ऊँटों के एक बड़े समूह का भी उल्लेख करता है। 100 या इससे अधिक ऊँटों को हिंद कहा जाता है। दरअसल, अरबी में अपनी बेटियों का नाम हिंद रखने का मतलब है, यह दुआ करना है कि उसे 100 या उससे ज्यादा ऊँट मिलें। वहीं, हिंद भारत को भी संदर्भित कर सकता है। भारतीयों को भी अरबी लोग हिन्दी कहते हैं।

जैसा कि क्षेत्र का नाम बदलने के लिए कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। इसको लेकर ऑपइंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात के प्रधानमंत्री कार्यालय से इस मामले पर एक टिप्पणी करने का अनुरोध किया है। यदि उन्होंने हमें नाम बदलने का आधिकारिक कारण बताया तो हम यह रिपोर्ट अपने पाठकों के लिए अपडेट करेंगे।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया