102 बेटे-बेटियाँ और 568 पोते-पोतियों के बाद युगांडा के मूसा ने लिया थमने का फैसला: 12 बीवियों को दी गर्भ-निरोधक के इस्तेमाल की हिदायत

100 से ज्यादा बच्चों के पिता अब चाहते हैं परिवार नियोजन (फोटो साभार द सन)

12 बीवियों, 102 बेटे-बेटियों और 568 पोते-पोतियों वाले युगाँडा के किसान मूसा हसाहया ने अब अपने परिवार को और बड़ा नहीं करने का फैसला किया है। मूसा ने अपनी बीवियों को गर्भनिरोध‍क दवाएँ इस्तेमाल करने की हिदायत दी है। मूसा पेशे से किसान हैं और इतने बड़े परिवार के लिए रोजमर्रा का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। बढ़ते परिवार के साथ उनकी आमदनी लगातार कम हो रही है।

युगांडा के जिस लुसाका शहर में मूसा रहते हैं, वहाँ कई विवाह करने की इजाजत है। मूसा एक के बाद एक विवाह करते गए। अब उनकी 12 बीवियाँ हैं। परिवार बढ़ता गया साथ ही बढ़ते गए परिवार के खर्च। द सन की रिपोर्ट के अनुसार 67 वर्षीय मूसा ने अपनी पत्नियों से गर्भनिरोधक दवाओं का इस्‍तेमाल करने के लिए कहा है। मूसा के लिए परिवार के हर सदस्य के लिए पेट भर खाने का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो रहा है। मूसा की खराब आर्थिक हालत को देखकर उसकी 2 बीवियाँ उसे छोड़कर जा चुकी हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, जब उनसे कई विवाह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एक मर्द कैसे एक ही बीवी से संतुष्ट रह सकता है? मूसा ने कहा कि उसकी सभी बीवियाँ एक ही घर में रहती हैं, ताकि वह उन पर नजर रख सके और उसकी पत्नियाँ दूसरे मर्दों के साथ संबंध नहीं बना सके। जूलैका मूसा की सबसे छोटी पत्‍नी है। जूलैका ने 11 बच्‍चों को जन्म दिया है और अब वह गर्भवती नहीं होना चाहती। इसलिए जूलैका ने गर्भनिरोधक गोली का इस्‍तेमाल करना शुरू कर दिया है।

मूसा की सबसे बड़ी संतान (बेटा) अपनी सबसे छोटी माँ से 21 साल बड़ा है। मूसा के सबसे छोटे बेटे की उम्र 6 साल है। परिवार के खराब आर्थिक हालत की एक वजह यह भी है कि अपने खराब स्वास्थ्य की वजह से मूसा पहले की तरह मेहनत नहीं कर पाते। खराब आर्थिक स्थिति के कारण मूसा अब 700 से ज्यादा सदस्यों वाले इस परिवार को और नहीं बढ़ाना चाहते।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया