अब IPL में लगे ‘भाभी जिंदाबाद’ के नारे, सुनकर परिणीति चोपड़ा शर्म से हुईं लाल: राघव चड्ढा के साथ मोहाली में देख रही थीं मैच, Video

मोहाली में राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा को देखने के बाद भीड़ ने लगाए 'भाभी जिंदाबाद' के नारे (फोटो साभार: India Today/ET )

बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा (Raghav Chaddha) की शादी के चर्चे जोरों पर हैं। हालाँकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर अभी तक खुलकर कुछ भी नहीं कहा है। लेकिन परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा को एक साथ कई जगहों पर स्पॉट किया गया है। इस बार दोनों पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच बुधवार (3 मई 2023) को मोहाली में हुए आईपीएल मुकाबले को देखने के लिए के एक साथ पहुँचे।

इस दौरान परिणीति को मोहाली के स्टेडियम में देखकर वहाँ मौजूद लोग ‘परिणीति भाभी जिंदाबाद’ के नारे लगाने लगे, जिसके बाद एक्ट्रेस शरमा गईं। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि उनके साथ खड़े राघव चड्ढा ‘परिणीति भाभी जिंदाबाद’ के नारे सुनकर अपनी हँसी कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं। इसके बाद परिणीति ये सुनकर अपने सिर पर हाथ रख लेती हैं। फिर दोनों ने भीड़ को देखकर हाथ हिलाया। सोशल मीडिया पर उनका ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

वीडियो के अलावा दोनों की कुछ तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिसमें दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आ रहे हैं।

इसके अलावा पिछले महीने (अप्रैल 2023) सोशल मीडिया पर परिणीति की एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें उन्हें फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के घर के बाहर देखा गया था। इंडिया टुडे की रिपोर्ट में बताया गया था कि परिणीति और राघव का ‘रोका’ हो गया है। इनकी शादी इसी साल अक्टूबर के आखिर में हो सकती है। रिपोर्ट में परिणीति और राघव के एक करीबी के हवाले से लिखा गया था, “दोनों का रोका काफी प्राइवेट तरीके के साथ किया गया। इसमें केवल परिवार के लोग ही शामिल थे। दोनों बहुत खुश हैं। इनकी शादी इस साल अक्टूबर तक होगी। परिणीति और राघव को अभी कोई जल्दबाजी नहीं है। दोनों अपने-अपने काम में बिजी हैं।

बता दें कि परिणीति और राघव की शादी की अफवाहें तब शुरू हुईं, जब दोनों को 22 मार्च, 2023 को पैपराजी ने एक रेस्टोरेंट के बाहर देखा। यहाँ ये दोनों व्हाइट शर्ट पहने हुए दिखाई दिए थे। डिनर डेट के बाद, राघव और परिणीति को बांद्रा में एक बार फिर से (लंच के लिए जाते हुए) स्पॉट किया गया। हालाँकि, कुछ दिन पहले ऐसी खबरें आई थीं कि दोनों 13 मई, 2023 को दिल्ली में सगाई करने वाले हैं। लेकिन दोनों ने अभी तक इस पर खुलकर कोई बयान नहीं दिया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया