मुंबई में भारी बारिश के कारण 22 लोगों की मौत, ट्रेन बंद: 11 घर तबाह, 13 जगह शॉर्ट-सर्किट

मुंबई में भारी बारिश के कारण तबाही (फोटो साभार: ANI)

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई एक बार फिर मूसलाधार बारिश के कारण अस्त-व्यस्त नजर आ रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण 3 अलग-अलग घटनाओं में मुंबई में 22 लोगों की मौत (खबर लिखे जाने तक की जानकारी के अनुसार) हो गई।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के द्वारा प्राप्त प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार पहला हादसा रविवार (18 जुलाई 2021) को हुआ। रात 1 बजे के लगभग चेंबूर के वाशीनाका इलाके के न्यू भारत नगर में हुई। यहाँ भारी बारिश के कारण एक पेड़ पास ही स्थित घर की दीवार पर गिर गया, जिसके कारण दीवार भी धराशायी हो गई। दीवार गिरने के कारण कई लोग इसके नीचे दब गए। इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। सूचना मिलने तक चेंबूर में 16 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया था।

https://twitter.com/ANI/status/1416620587628195843?ref_src=twsrc%5Etfw

दूसरी घटना विक्रोली इलाके के सूर्य नगर में हुई। यहाँ रात के लगभग 2:40 बजे भारी बारिश के चलते जमीन खिसक गई, जिसके कारण एक दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ के डेप्युटी कमांडेंट आशीष कुमार ने जानकारी दी कि अभी भी 5-6 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। अंधेरी वेस्ट इलाके में एक व्यक्ति की मौत बिजली के झटके के कारण हो गई।

https://twitter.com/ANI/status/1416621286290190338?ref_src=twsrc%5Etfw

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया था। पिछले कुछ घंटों में ही मुंबई में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी है। इस भीषण बारिश के चलते मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया, जिसके चलते परिवहन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण मुंबई की उपनगरीय ट्रेन सेवा को बंद करना पड़ा। हालाँकि अभी भी मुंबई में बारिश कम होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं क्योंकि IMD ने मुंबई के कई इलाकों में ‘भारी से भारी बारिश’ की चेतावनी जारी की है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया