NCERT ही नहीं, Google मैप में भी देश का नाम अब ‘भारत’, तिरंगे के साथ अब दिखेगा पूरा नक्शा भी: ट्रांसलेटर-न्यूज़ सब में ये बदलाव

गूगल मैप में दिखेगा भारत (स्क्रीनशॉट गूगल)

देश की पहचान “भारत” से हो न कि “इंडिया” से इसका असर गूगल पर भी नजर आने लगा है। दरअसल, गूगल मैप दक्षिण एशिया में भारत को एक देश के रूप में दिखाने लगा है।  जैसे ही आप गूगल मैप के सर्च बार में भारत खोजेंगे तो गूगल “इंडिया” और “भारत” दोनों को अब “दक्षिण एशिया में देश” के रूप में दिखाने लगा है। इसके साथ ही आपको भारत का राष्ट्रीय झंडा भी दिखाई देगा। ऐसे में अब भारत को सर्च करना बेहद आसान हो गया है।

गूगल मैप्स के हिंदी और अंग्रेजी दोनों संस्करण में गूगल “भारत” के लिए रिजल्ट शो कर रहा है। ऐसे समय में जब केंद्र की मोदी सरकार आधिकारिक तौर पर धीरे-धीरे “इंडिया” के बजाय “भारत” का उपयोग कर रही है तो Google ने भी अपने सर्च इंजन में यह परिवर्तन किया है ताकि भारत सर्च करने पर गूगल से सही रिजल्ट प्राप्त हो। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  यह परिवर्तन केवल गूगल मैप में ही नहीं बल्कि गूगल ट्रांसलेटर, न्यूज़ जैसे अन्य उत्पादों में भी यूजर्स को समान परिणाम प्राप्त करने के लिए “भारत” और “इंडिया” दोनों का उपयोग करने का विकल्प दिया गया है।

हालाँकि इस पर अभी तक Google की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, बल्कि इसका पता यूजर्स को गूगल में भारत टाइप करने के बाद लगा है। वहीं अब NCERT में भी देश को भारत सम्बोधित किया जाएगा। दरअसल, इसकी शुरुआत तभी हो गई थी जब नए संसद भवन के उद्घाटन में राष्ट्रपति और अन्य अतिथियों को भेजे निमंत्रण पत्र में देश का नाम भारत लिखा था।

गौरतलब है कि विशेष रूप से भारत में गूगल अब “इंडिया” के बजाय “भारत” का उपयोग ज़्यादा कर रहा है। इसके अलावा, अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद में भी हमेशा अंग्रेजी और हिंदी दोनों में “भारत” दिखाया जा रहा है। हालाँकि, Google अनुवाद के लिए “भारत” के लिए “हिंदुस्तान” और “भारतवर्ष” जैसी अन्य संज्ञाएँ भी विकल्प के तौर पर दिखा रहा है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया