काँवड़ यात्रा में महंत की रेकी कर रहा था नाजिम, किसी को दे रहा था सारी सूचनाएँ: यूपी पुलिस ने दबोचा, पहले भी मिल चुकी है धमकी

मेरठ में काँवड़ यात्रा में चल रहे संत की जासूसी के आरोप में पुलिस ने नाज़िम (दाएँ) को गिरफ्तार किया

उत्तर प्रदेश (UP) के मेरठ जिले में काँवड़ यात्रा के दौरान काँवड़ियों की भीड़ में से एक मुस्लिम युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित का नाम नाज़िम है, जो मेरठ का ही रहने वाला है। उस पर काँवड़ यात्रा में चल रहे महंत मछेन्द्रपुरी की रेकी करने और किसी और को उनकी जानकारी देने का आरोप है। काँवड़ियों ने नाज़िम को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना 24 जुलाई 2022 (रविवार) की है।

इस घटना की पुलिस में शिकायत महंत मछेन्द्र पुरी के शिष्य ब्रह्मानन्द पुरी ने दर्ज करवाई है। उन्होंने अपनी शिकायत में लिखा, “मैं अपने महंत जी के साथ हरिद्वार से काँवड़ ले कर अपने गाजियाबाद स्थित मंदिर शिव मंदिर बालाजी धाम जा रहा था। मैंने देखा कि एक अनजान व्यक्ति काफी देर से महंत मछेन्द्र पुरी जी का पीछा कर रहा था। जब मैंने उसको रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। मेरे द्वारा जब उसे पकड़ कर नाम पूछा गया तो उसने अपना नाम नाज़िम बताया। वह महंत जी की सूचना किसी और को दे रहा था।”

शिकायत कॉपी

अपनी शिकायत में ब्रह्मानन्द पुरी ने आरोपित नाज़िम पर कड़ी कार्रवाई की भी माँग की। मेरठ की पल्ल्वपुरम थाना पुलिस ने शिकायत पर IPC की धारा 506 में नाज़िम को गिरफ्तार कर लिया। हालाँकि, आरोपों के मुताबिक नाज़िम सूचनाएँ किसे दे रहा था या उसका मकसद क्या था ये अभी तक सामने नहीं आ पाया है।

FIR कॉपी

मेरठ पुलिस के मुतबिक, केस दर्ज कर के जरूरी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के वायरल हो रहे एक वीडियो में आरोपित नाज़िम कई काँवड़ियों से घिरा हुआ दिखाई दे रहा है। भीड़ में नाज़िम को कुछ लोग मुल्ला बोल रहे हैं, जिसे वह स्वीकार भी कर रहा है। उस पर पीछा करने का आरोप भी लगाया जा रहा है। मौके पर पुलिस वालों से भी काँवड़ियों को जद्दोजहद करते देखा जा सकता है।

ऑपइंडिया से बात करते हुए शिकायतकर्ता महंत ब्रह्मानन्द पुरी ने कहा, “हम सब महंत मछेन्द्र पुरी की सुरक्षा को ले कर लगातार चिंतित रहते हैं। इतनी भीड़ में भी हम नजर रखे हुए थे और आखिरकार नाज़िम पकड़ा गया। उसे पुलिस अपने साथ ले गई।”

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया