रील बना कर नाचती थी रानी, पति ने मना किया तो मार डाला: मजदूरी कर पालता था परिवार, अब फाँसी पर लटका मिला शव

मृतक महेश्वर कुमार (चित्र साभार: Amar Ujala & IndianRailInfo)

बिहार के बेगूसराय में एक महिला ने अपने पति की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि वह उसे इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने से रोकता था। पति को अपने मायके बुला कर महिला ने अपने परिजनों के साथ मिल कर हत्या कर दी। मृतक समस्तीपुर जिले का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, बेगूसराय के फफौत गाँव में रहने वाली रानी कुमारी ने अपने पति महेश्वर कुमार को फाँसी पर लटका कर मार दिया। हालाँकि, महिला परिवार कह रहा है कि महेश्वर ने ख़ुदकुशी की है।

जानकारी के अनुसार, उसका पति कोलकाता में काम करता था और उसके रील बनाने से परेशान रहता था। वह दो-तीन दिनों में वापस कोलकाता जाने वाला था। वह कोलकाता में मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। महेश्वर का 6 साल पहले रानी कुमारी से विवाह हुआ था। वह पहले सही से व्यवहार करती थी लेकिन बाद में उसे टिकटॉक तथा रील्स बनाने की आदत लग गई।

जब महेश्वर ने उसे मना किया तो वह झगड़ा करने लगी। बताया गया है कि महेश्वर 7 जनवरी, 2024 की शाम को ही अपनी ससुराल गया था। इसके बाद वहाँ उसका अपनी पत्नी से रील्स बनाने को लेकर विवाद हुआ, महेश्वर के घर वालों ने आरोप लगाया है कि इसी कारण से उसकी पत्नी के घर वालों ने उसकी फाँसी पर लटका कर हत्या कर दी।

इस बात की सूचना जब उसके कोलकाता में रहने वाले भाई को मिली तो उसने अपने पिता को यहाँ भेजा जहाँ पहुँचने पर महेश्वर लटका मिला। मामला पुलिस को सूचित किए जाने के बाद उसने शव कब्जे में ले लिया है और इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने युवक की साली और पत्नी को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। अभी पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि वह पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ एक्शन लेगी।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया