Tuesday, October 22, 2024

अमेठी हत्याकांड का आरोपित चंदन पुलिस एनकाउंटर में घायल, पुलिस से पिस्टल छीनने की कोशिश की: पैर लगी गोली

उत्तर प्रदेश के अमेठी में शिक्षक सुनील कुमार और उनके परिवार की हत्या करने का आरोपित चंदन वर्मा का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। चंदन कुमार गिरफ्तारी के बाद पुलिस से पिस्टल लेकर भाग रहा था। जवाबी फायरिंग में उसे पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार (4 अक्टूबर, 2024) देर रात चंदन वर्मा को पुलिस गिरफ्तार करने के बाद घटनास्थल पर लेकर जा रही थी। पुलिस यहाँ साक्ष्य जुटाने के लिए ऐसा कर रही थी। रास्ते में चंदन ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनने की कोशिश की और भागने लगा।

पुलिस की गोली चंदन के पैर में लगी है और वह अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रेम प्रसंग के चलते चंदन ने शिक्षक सुनील कुमार, उनकी पत्नी पूनम और दो मासूम बच्चियों की हत्या कर दी थी। पुलिस जाँच में खुलासा हुआ है कि चंदन ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पाँच हत्याओं की चेतावनी दी थी।

पुलिस ने चंदन कुमार और सुनील कुमार की पत्नी पूनम की कई तस्वीरें और चैट बरामद की हैं, जो इस प्रेम प्रसंग की पुष्टि करती हैं। चंदन और पूनम का यह रिश्ता शादी से पहले से चल रहा था। पुलिस फिलहाल आरोपित से पूछताछ कर रही है, और जल्द ही इस मामले में पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।