कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय ने तुरंत प्रभाव से अपने सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की नियमित छुट्टियों को अगले आदेश तक रद्द कर दिया है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त की मंजूरी के बाद जारी यह आदेश कॉन्स्टेबल से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी पर लागू होगा। अब केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही अधिकारियों की विशेष अनुमति के बाद छुट्टी मिल सकेगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य राजधानी में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है।
नियमित छुट्टियों पर पूरी तरह रोक
दिल्ली पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए कोई भी सामान्य अवकाश नहीं दिया जाएगा। पुलिसकर्मियों को अर्जित अवकाश या अन्य किसी भी तरह की नियमित छुट्टी नहीं मिलेगी।
यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि कॉकरोच जनता के प्रदर्शनों के दौरान शहर में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहे। सभी जिला पुलिस उपायुक्तों (DCP) और संबंधित विभागों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार अगर किसी पुलिसकर्मी के सामने कोई बेहद गंभीर और वास्तविक आपातकालीन स्थिति आती है, तभी उसे छुट्टी मिल सकती है। इसके लिए भी प्रक्रिया को काफी सख्त बनाया गया है।
छुट्टी की अर्जी की पहले पूरी तरह से जाँच और सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद केवल सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के बाद ही आपातकालीन छुट्टी मंजूर की जाएगी।
ट्रेनिंग और कोर्स पर रोक
छुट्टियाँ रद्द करने के साथ ही दिल्ली पुलिस ने एक और अहम निर्देश जारी किया है। अगले आदेश तक कोई भी पुलिसकर्मी या अधिकारी किसी भी ट्रेनिंग, कोर्स या अन्य कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकेगा।
चाहे वह किसी भी रैंक का अधिकारी क्यों न हो, किसी भी कोर्स में जाने के लिए सीधे पुलिस आयुक्त से पूर्व अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। इस फैसले से पुलिस बल की पूरी क्षमता का इस्तेमाल सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने में किया जा सकेगा।
कॉकरोच जनता पार्टी के हिंसक प्रदर्शनों, पुलिस-पत्रकारों को निशाना बनाने के चलते ये फैसला लिया गया है। इन घटनाक्रमों और प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस का पूरा ध्यान इस समय राजधानी में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने और किसी भी अनहोनी से निपटने पर है।

