Monday, October 21, 2024

UP में सपा के पूर्व MLA रामेश्वर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र यादव और 2 बेटों पर रेप की FIR

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के दो प्रमुख नेताओं पर गंभीर आरोप लगे हैं। सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव, उसके भाई जुगेंद्र सिंह यादव (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) और उसके दो बेटों सुबोध यादव तथा प्रमोद यादव पर एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। यह घटना 4 जनवरी 2015 की है, जब महिला नौकरी की तलाश में जुगेंद्र सिंह के फार्म हाउस पर पहुँची थी।

महिला के अनुसार, उसे नौकरी का झाँसा देकर बुलाया गया, जहाँ पहले जुगेंद्र सिंह और बाद में रामेश्वर सिंह यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि इस दौरान उसके हाथ-पैर बाँध दिए गए थे और मुँह में कपड़ा ठूँस दिया गया। बाद में जब उसने इस घटना की शिकायत रामेश्वर यादव के बेटों से की, तो उन्होंने उसके कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने 9 साल बाद साहस जुटाकर मामला दर्ज कराया, जिसमें पुलिस ने धारा 376D, 342, 323, 504, 506 और 354ख के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोपित नेताओं का लंबा आपराधिक इतिहास है और उन पर पहले से 150 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

रामेश्वर यादव और जुगेंद्र यादव वर्तमान में जेल में बंद हैं। इन पर अवैध कब्जों और अन्य अपराधों के भी आरोप हैं, जिनके चलते इनकी करोड़ों की संपत्तियाँ जब्त हो चुकी हैं। पुलिस अब मामले की गहन जाँच कर रही है।