Monday, October 21, 2024

स्वाति मालीवाल को पीटने का आरोपित बिभव कुमार बना भगवंत मान का सलाहकार: RTI एक्टिविस्ट

AAP राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को पीटने के आरोपित बिभव कुमार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का मुख्य सलाहकार बनाया गया है, यह दावा पंजाब के ही एक RTI एक्टिविस्ट ने किया है। RTI एक्टिविस्ट ने आरोप लगाया है कि बिभव कुमार को नियुक्त करने के लिए बाकी सभी लोगों की छुट्टी कर दी गई है।

RTI एक्टिविस्ट मानिक गोयल ने एक्स (पहले ट्विट्टर) पर एक पोस्ट में लिखा, “मेरे सूत्रों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल के पूर्व पी.ए. बिभव कुमार को चुपचाप पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का मुख्य सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है। वही बिभव कुमार जिन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में स्वाति मालीवाल पर हमला करने के आरोप में जेल भेजा गया था।”

इस आरोप पर कॉन्ग्रेस भी AAP पर हमलावर हो गई है। कॉन्ग्रेस के बड़े नेता सुखपाल सिंह खैरा ने कहा है कि यदि यह खबर सही है तो अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब का कंट्रोल ले लिया है जो निंदनीय है। गौरतलब है कि केजरीवाल के पूर्व PA बिभव कुमार पर आरोप है कि उन्होंने स्वाति मालीवाल को दिल्ली मुख्यमंत्री आवास के भीतर बुरी तरह पीटा।

अभी इस संबंध में पंजाब सरकार या आम आदमी पार्टी ने कोई स्पष्टीकरण जारी नहीं किया है। ऑपइंडिया ने इस मामले में स्वाति मालीवाल से सम्पर्क करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है। जवाब मिलने पर रिपोर्ट अपडेट कर दी जाएगी।